विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: मानव-हाथी संघर्ष रोकने के लिए वन विभाग की अनोखी पहल, गांवों के बाहर बन रही V-आकार की खाई

Published: Fri, 20 Nov 2026 08:31 PM (IST)

वन विभाग ने अलीपुरद्वार में मानव-हाथी संघर्ष रोकने और फसलों को बचाने के लिए जंगल व गांवों के बीच विशेष वी-आकार की खाई बनाना शुरू किया है। 

हाथियों के रिहायशी इलाके में जाने से रोकने के लिए बनाई गई खाई। (फोटो-जागरण)

हाथियों के रिहायशी इलाके में जाने से रोकने के लिए बनाई गई खाई। (फोटो-जागरण)

HighLights

  1. वन विभाग ने मानव-हाथी संघर्ष रोकने की नई पहल की।

  2. जंगल-गांव के बीच विशेष वी-आकार की खाई बनाई जा रही है।

  3. यह खाई हाथियों को खेतों में घुसने से रोकेगी, फसल बचाएगी।

जागरण संवाददाता, अलीपुरद्वार। जंगल से हाथियों के आबादी वाले इलाकों में प्रवेश को रोकने और मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बंगाल में वन विभाग ने नई पहल की है।

हाथियों के हमले में होने वाली जनहानि के साथ किसानों की फसलों को बचाने के उद्देश्य से अलीपुरद्वार जिले के जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान से सटे फालाकाटा के खाउचांदपाड़ा और शिवनाथपुर में जंगल तथा गांव के बीच विशेष वी-आकार की खाई बनाई जा रही है। वीबी-जी रामजी योजना के तहत वन विभाग के सहयोग से इस परियोजना पर काम शुरू किया गया है।

दरअसल, जंगल से निकलकर हाथियों के झुंड अक्सर खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। इससे किसानों की खड़ी फसलें बर्बाद होती हैं। फसल को हाथियों से बचाने के लिए कई किसान खेतों के चारों ओर बिजली के करंट वाले तार लगा देते हैं।

ये तार हाथियों के लिए जानलेवा साबित होते हैं। इसी साल जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान से सटे इलाकों में बिजली के तारों की चपेट में आने से दो हाथियों की मौत हो चुकी है।

वन विभाग के अनुसार, खेतों में फसल की सुरक्षा के लिए अवैध रूप से बिजली के तार बिछाए गए थे। इस मामले में संबंधित खेत मालिकों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

इससे पहले हाथियों को आबादी वाले इलाकों में आने से रोकने के लिए कई स्थानों पर सोलर फेंसिंग लगाई गई थी। हालांकि, कई जगह हाथियों के झुंड ने इन बाड़ों को तोड़कर गांवों और खेतों में प्रवेश कर लिया। इसके बाद अब पारंपरिक सोलर फेंसिंग के विकल्प के रूप में वी-आकार की खाई तैयार करने का निर्णय लिया गया है।

इस खाई की बनावट अंग्रेजी के वी अक्षर जैसी होगी। इसकी ऊपरी चौड़ाई सात फीट, निचली चौड़ाई ढाई फीट और गहराई छह फीट निर्धारित की गई है। वन विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, खाई की विशेष बनावट के कारण हाथियों के लिए इसे पार करना मुश्किल होगा। इससे हाथियों का गांवों और खेतों की ओर प्रवेश रोकने में मदद मिलेगी।

यह व्यवस्था किसानों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। फसल बचाने के लिए करंट वाले तार लगाने की मजबूरी और उससे वन्यजीवों की जान जाने की घटनाओं को देखते हुए यदि खाई प्रभावी साबित होती है तो किसानों को फसलों की सुरक्षा का एक वैकल्पिक उपाय मिलेगा। इससे हाथियों की जान भी बचेगी और मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।

बारिश में शावकों की सुरक्षा को लेकर चिंता

हालांकि, इस परियोजना को लेकर पर्यावरण से जुड़े कुछ सवाल भी उठाए जा रहे हैं। स्थानीय पर्यावरणकर्मी सुपेन दास ने आशंका जताई है कि बारिश के मौसम में खाई में पानी भरने से हाथियों के लिए खतरा पैदा हो सकता है।

विशेषकर हाथियों के छोटे शावकों के खाई में गिरने और उनके बाहर नहीं निकल पाने की आशंका है। उन्होंने वन विभाग से निर्माण की योजना और उसके पर्यावरणीय प्रभावों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।