गुजरात से उत्तर भारतीयों का पलायन चिंताजनक: ममता
28 सितंबर को गुजरात में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म होने के बाद छह जिलों में हिंसा हुई जिसमें हिंदी भाषियों खास कर यूपी बिहार के लोगों को निशाना बनाया गया।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुजरात से उत्तर भारतीयों के पलायन पर चिंता जताई और इसे खतरनाक प्रवृत्ति बताई है। मुख्यमंत्री ने गुजरात में हिंदी भाषियों खासकर उत्तर भारतीयों पर हमले के बारे में बातचीत में कहा कि वहां की भाजपा सरकार स्थिति को संभाल नहीं पा रही है।
अधिकांश भाजपा शासित राज्यों में इस तरह की समस्या हो रही है। ममता ने कहा कि वह गुजरात में हिंदी भाषियों पर हमले की घटना को लेकर चिंतित हैं। गुजरात में बहुत से हिंदी भाषी स्थाई रूप से रहते हैं। लेकिन आज ऐसी स्थिति पैदा हो गई है वह वहां से भाग रहे हैं। यह गंभीर मामला है।
किसी के उकसाने के कारण ऐसी स्थिति पैदा हुई है। लेकिन आश्चर्य की बात है कि गुजरात सरकार स्थिति को नियंत्रित नहीं कर पा रही है। ममता ने भाजपा का नाम नहीं लेते हुए कहा कि कुछ लोगों का काम ही सांप्रदायिक तनाव पैदा करना है। इसके विरुद्ध सबको एकजुट होना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोलकाता में भी तो अन्य प्रदेश व विभिन्न जाति धर्म के लोग रहते हैं। यदि कोई एक व्यक्ति कुछ अन्याय काम करता है तो सबको घर छोड़कर भागना नहीं पड़ता है।
उल्लेखनीय है कि 28 सितंबर को गुजरात में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म होने के बाद छह जिलों में हिंसा हुई जिसमें हिंदी भाषियों खास कर यूपी बिहार के लोगों को निशाना बनाया गया।