विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शुभेंदु से मिले अनिल अग्रवाल, बंगाल में 80 हजार करोड़ रुपये तक निवेश कर सकता है वेदांता समूह

Published: Thu, 29 Oct 2026 12:00 AM (IST)

वेदांता समूह पश्चिम बंगाल में बिजली उत्पादन और एल्युमिनियम संयंत्र स्थापित करने के लिए 70,000 से 80,000 करोड़ रुपये तक का निवेश करने पर विचार कर रहा है।

सीएम शुभेंदु से मिले वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल

सीएम शुभेंदु से मिले वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल

HighLights

  1. वेदांता समूह बंगाल में 80,000 करोड़ रुपये निवेश पर विचार कर रहा।

  2. बिजली उत्पादन, एल्युमिनियम संयंत्र आसनसोल में स्थापित करने की योजना।

  3. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात, 10,000 रोजगार की उम्मीद।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद बड़े औद्योगिक निवेश की संभावनाएं तलाश रहा वेदांता समूह बिजली उत्पादन और एल्युमिनियम प्रगलन संयंत्र स्थापित करने के लिए 70,000 से 80,000 करोड़ रुपये तक निवेश करने पर विचार कर रहा है।

समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने बुधवार को कोलकाता में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। कोलकाता दौरे पर आए अग्रवाल ने इस दिन राज्य सचिवालय नवान्न में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि इस मुलाकात में राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया।

अग्रवाल के अनुसार, उन्होंने मुख्यमंत्री से हजारों रोजगार सृजित करने की प्रतिबद्धता जताई है। हालांकि, निवेश की अंतिम राशि और परियोजनाओं पर फैसला व्यवहार्यता अध्ययन के बाद ही होगा। राज्य सरकार से सक्रिय सहयोग मिलने पर अगले तीन वर्षों में परियोजनाएं शुरू हो सकती हैं।

वेदांता समूह प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए आसनसोल को संभावित स्थान के रूप में देख रहा है। इस क्षेत्र में कोयले की उपलब्धता और समूह की मौजूदा औद्योगिक परिसंपत्तियां निवेश के लिहाज से उपयोगी हो सकती हैं। अग्रवाल ने बताया कि समूह के पास आसनसोल क्षेत्र में करीब 300 एकड़ जमीन है, जिसकी उपयुक्तता की जांच की जाएगी।

जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त जमीन भी लेनी पड़ सकती है। वहीं, शाम में राज्य सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी बताया कि वेदांता समूह के चेयरमैन के साथ उनकी बहुत अच्छी बैठक हुई। उन्होंने कहा कि समूह आसनसोल में एक संयंत्र लगाना चाहता है। इससे 10 हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

वेदांता समूह बंगाल में काम करने को लेकर बहुत उत्सुक है : शुभेंदु

शुभेंदु ने दावा किया कि समूह बंगाल में काम करने को लेकर बहुत उत्सुक है। शुभेंदु ने यह भी दावा किया कि अनिल अग्रवाल ने उन्हें बैठक में बताया कि टीएमसी की सरकार के चलते उन्होंने बंगाल में निवेश नहीं किया था। सात राज्यों में उनका कारोबार है। अब वे बंगाल में भी निवेश करेंगे। शुभेंदु ने आश्वस्त किया कि बंगाल सरकार समूह को हरसंभव सहयोग करेगी।

छोटे उद्यमियों के लिए भी खुलेंगे अवसर

वेदांता चेयरमैन ने कहा कि प्रस्तावित एल्युमिनियम संयंत्र से केवल बड़े स्तर पर रोजगार ही नहीं, बल्कि इससे जुड़े सहायक उद्योगों के विकास की संभावनाएं भी पैदा होंगी। उनके अनुसार, छोटे उद्यमी 5 करोड़ से 50 करोड़ रुपये तक का निवेश कर एल्युमिनियम आधारित डाउनस्ट्रीम उद्योग स्थापित कर सकते हैं।

अग्रवाल ने बंगाल को उद्यमियों और कुशल मानव संसाधन की क्षमता वाला राज्य बताते हुए कहा कि यहां के प्रतिभाशाली लोगों और उद्यमशीलता का उपयोग बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के लिए किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- कोलकाता और शांतिनिकेतन में 25 नवंबर से सजेगा बंगाल बिएनाले, दो जनवरी 2027 तक चलेगा कला महोत्सव