कोलकाता और शांतिनिकेतन में 25 नवंबर से सजेगा बंगाल बिएनाले, दो जनवरी 2027 तक चलेगा कला महोत्सव
कोलकाता और शांतिनिकेतन में 25 नवंबर से 'बंगाल बिएनाले' का दूसरा संस्करण आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश के कलाकार अपनी कृतियां प्रदर्शित करेंगे।

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
बंगाल बिएनाले का दूसरा संस्करण 25 नवंबर से शुरू होगा।
कोलकाता और शांतिनिकेतन में कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी।
'बनलता' थीम पर आधारित होगा यह कला महोत्सव।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कला महोत्सव ‘बंगाल बिएनाले’ का दूसरा संस्करण 25 नवंबर से अगले साल दो जनवरी तक कोलकाता और शांतिनिकेतन में आयोजित होगा।
इस दौरान ऐतिहासिक इमारतों, संग्रहालयों, कला दीर्घाओं और वैकल्पिक कला स्थलों पर देश-विदेश के कलाकारों की कृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। इस बार की मुख्य थीम ‘बनलता’ है, जिसके जरिए दबे इतिहास, प्रकृति से जुड़ाव, प्रतिरोध और सामूहिक अस्तित्व जैसे विषयों को कला के माध्यम से सामने लाया जाएगा।
गेमप्लान फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस महोत्सव का सह-संचालन कलाकार समूह ‘चांदेर हाट’ के साथ स्वतंत्र क्यूरेटर रितिका बिश्वास करेंगी। कोलकाता में विक्टोरिया मेमोरियल, इंडियन म्यूजियम और अलीपुर म्यूजियम समेत कई स्थानों पर आयोजन होगा।
शांतिनिकेतन में कला भवन की नंदन आर्ट म्यूजियम एंड गैलरी सहित विभिन्न कला स्थलों को शामिल किया गया है। बिएनाले का पहला संस्करण 2024 में 25 से अधिक स्थलों पर आयोजित हुआ था।
