बंग भंग आंदोलन में जन-जन का मंत्र बना वंदे मातरम् : होसबाले
आरएसएस सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का वंदे मातरम् गीत 1905 के बंग भंग आंदोलन के दौरान जन-जन का मंत्र बन गया था। उन्होंने कोलकाता में 'आनंदमठ: स्वतंत्रता संग्राम के लिए प्रेरणा' विषय पर आयोजित परिचर्चा में यह बात कही, जहां अन्य विद्वानों ने भी अपने विचार रखे।

HighLights
वंदे मातरम् 1905 बंग भंग आंदोलन में लोकप्रिय हुआ
यह गीत देशभक्तों का मंत्र और प्रतिरोध का प्रतीक बना
आनंदमठ स्वतंत्रता व अनुशासन का संदेश भी देता है
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय रचित वंदे मातरम् उनके जीवनकाल में व्यापक रूप से लोकप्रिय नहीं हो सका था, लेकिन 1905 के बंग भंग आंदोलन के दौरान यह गीत जन-जन की जुबान पर चढ़ गया और देशभक्तों का मंत्र बन गया। यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कही। वह बुधवार को कोलकाता के आइसीसीआर स्थित अबनिंद्रनाथ गैलरी सभागार में 'आनंदमठ : स्वतंत्रता संग्राम के लिए प्रेरणा' विषय पर आयोजित परिचर्चा को संबोधित कर रहे थे।
होसबाले ने कहा कि बंग भंग आंदोलन ने वंदे मातरम् को नई ऊर्जा दी और अंग्रेजी दमन के बीच यह प्रतिरोध का प्रतीक बना। डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के प्रो. दिगंत बिस्वा शर्मा ने कहा कि आनंदमठ केवल स्वतंत्रता ही नहीं, बल्कि अनुशासन का संदेश भी देता है। विश्व भारती विश्वविद्यालय के प्रो. अमित्रसूदन भट्टाचार्य ने वंदे मातरम् को बंकिम चंद्र की प्रामाणिक रचना बताते हुए सरकार से कठिन शब्दों के अर्थ व समय-समय पर हुए बदलावों के उल्लेख सहित प्रामाणिक पाठ प्रकाशित करने का आग्रह किया। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन के अध्यक्ष डा. अनिर्बान गांगुली ने 1937 में कांग्रेस कार्यसमिति द्वारा गीत के एक हिस्से को गाने के प्रस्ताव और उससे दस दिन पहले रफी अहमद किदवई के जिन्ना से जुड़े बयान का उल्लेख किया।