केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने बंगाल में चलाया जनसंपर्क अभियान, कहा-भाजपा को रोक नहीं पाएगी तृणमूल
गजेंद्र सिंह शेखावत ने बंगाल प्रवास के दूसरे दिन सोमवार को भाजपा के अनेक कार्यक्रमों में शिरकत कर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। दमदम विधानसभा में गृह जनसंपर्क अभियान के तहत उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर आम लोगों से मुलाकात की और पार्टी का संदेश पहुंचाया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : केंद्रीय जलशक्ति मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने बंगाल प्रवास के दूसरे दिन सोमवार को भाजपा के अनेक कार्यक्रमों में शिरकत कर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। दमदम विधानसभा में गृह जनसंपर्क अभियान के तहत उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर आम लोगों से मुलाकात की और पार्टी का संदेश पहुंचाया। तत्पश्चात शेखावत ने क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उन्हेंं संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रचार अभियान के साथ यह बात और अधिक स्पष्ट होती जा रही है कि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पार्टी द्वारा भाजपा को रोकने के प्रयास विफल हो रहे हैं। वो भाजपा को रोक नहीं पाएगी।
उन्होंने कहा कि तृणमूल के ऐसे विफल प्रयास बंगाल की जनता में भाजपा के प्रति अनुराग को बढ़ा रहे हैं। शेखावत ने बाद में आम कार्यकर्ता के घर सहज संपर्क और परिवार के साथ समय बिताया और उनके बीच बैठकर भोजन भी किया। शेखावत ने समाज के प्रबुद्ध लोगों, वकीलों, डॉक्टरों के समूहों के साथ चर्चा की। इस दौरान सभी वर्ग के प्रबुद्धजनों ने भाजपा का साथ देने के लिए प्रतिबद्धता जताई।
दमदम रोड, केजी मोड़, पीके गुहा रोड और दमदम कैंट के कई क्षेत्रों में उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं से चर्चा की। उन्हेंं भाजपा के मिशन और विजन के विषय में बताया और विगत एक दशक के शासन में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल सरकार की नाकामियों को उजागर किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। इससे पहले शेखावत दमदम स्थित हनुमान मंदिर जाकर दर्शन किए और हनुमान जी से क्षेत्रवासियों की सुख समृद्धि की प्रार्थना की।