दो इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिग स्टेशन लगेंगे
- निगम व सीईएससी की सहभागिता से मां फ्लाईओवर व एजेसी बोस रोड फ्लाईओवर के समीप स्थापित होंगे ज
- निगम व सीईएससी की सहभागिता से मां फ्लाईओवर व एजेसी बोस रोड फ्लाईओवर के समीप स्थापित होंगे
जागरण संवाददाता, कोलकाता : महानगर की फ्लाईओवरों के नीचे कोलकाता नगर निगम जल्द ही इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिग स्टेशन स्थापित करने जा रहा है और इसकी शुरुआत शहर के अति व्यस्त मां फ्लाईओवर व एजेसी बोस रोड फ्लाईओवर से होगी। निगम की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक कोलकाता में विद्युत आपूर्ति करने वाली मुख्य कंपनी कलकत्ता इलेक्ट्रिक सप्लाई कारपोरेशन यानी सीईएससी की मदद से इस इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन को स्थापित किया जाएगा। इससे पहले बीते छह अगस्त को कोलकाता नगर निगम के मेयर फिरहाद हकीम ने ढाकुरिया में बन कर तैयार हुए दो इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिग स्टेशनों का उद्घाटन किया था। इसे भी सीईएससी की मदद से कोलकाता नगर निगम की विशेष पहल के तौर पर स्थापित किया गया है। ऐसे में अब निर्णय लिया गया है कि दो और ईवी चार्जिंग स्टेशन मां फ्लाईओवर और एजेसी बोस रोड फ्लाईओवर के समीप बनाए जाएंगे। निगम की ओर से बताया गया कि केएमसी ने पारंपरिक ईंधन पर चलने वाले वाहनों से प्रदूषण पर लगाम लगाने को इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहित करने की पहल की है। इसके अलावा राज्य सरकार एक नियम बनाने जा रही है, जिसके तहत बड़ी आवासीय इमारतों में इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग पॉइंट बनाना अनिवार्य किया जाएगा। इससे महानगर कोलकाता में इलेक्ट्रिक वाहनों का परिवहन अधिक से अधिक संभव होगा साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी यह अहम है। वर्तमान में राज्य परिवहन विभाग की ओर से कोलकाता में 40 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं। राज्य सचिवालय नवान्न से अधिकतर बसें खुलती हैं, जहा पहले से ही इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि पहले ही कोलकाता नगर निगम ने यह निर्णय लिया था कि महानगर के फुटपाथ पर कोयले का चूल्हा जलाकर चाय आदि बेचने वालों को इलेक्ट्रिक ओवन दिया जाएगा। कई लोगों को इलेक्ट्रिक ओवन दे भी दिया गया है। यह सभी प्रयास स्वच्छ कोलकाता बनाने की दिशा में कारगर साबित होंगे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप