बंगाल में राज्य सचिवालय में दो ड्राइवर पाए गए कोरोना पॉजिटिव, 2 दिनों तक बंद रहेगा नवान्न
राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन के दौरान खुद इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यहां ड्यूटी कर रहे हैं दो ड्राइवरों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में तेजी से पैर पसार रहे कोरोना ने राज्य सचिवालय नवान्न में भी दस्तक दे दी है। यहां ड्यूटी कर रहे दो ड्राइवरों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाए जाने के बाद हड़कंप मच गया है। इसके बाद नवान्न के संबंधित विभाग को 2 दिनों तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन के दौरान खुद इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यहां ड्यूटी कर रहे हैं दो ड्राइवरों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इसके बाद अगले 2 दिनों तक नवान्न के संबंधित विभाग को बंद रखा जाएगा और पूरे नवान्न को सैनिटाइज्ड किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वे दोनों ड्राइवर राज्य के सचिव स्तर के दो अधिकारियों के साथ ड्यूटी करते थे। इस घटना के बाद दोनों अधिकारियों को भी क्वॉरेंटाइन किया गया है। बता दें कि एहतियात के तौर पर इससे पहले भी दो- तीन दफा नवान्न को पूरी तरह सैनिटाइज्ड किया जा चुका है।
दूसरे राज्यों में फंसे 8.5 लाख लोग अब तक बंगाल वापस आए: ममता
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को उन आरोपों को खारिज किया कि उनकी सरकार प्रवासी श्रमिकों को वापस लाने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अबतक देश के विभिन्न हिस्सों से 8.5 लाख लोगों को वापस ले आई है। साथ ही कहा कि 10 जून तक राज्य में लगभग 10.5 लाख प्रवासी वापस आ जाएंगे।
राज्य सचिवालय नवान्न में समीक्षा बैठक के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए ममता ने कहा, 'कुछ लोग मेरी सरकार के खिलाफ अफवाह फैला रहे हैं कि हम प्रवासी मजदूरों को वापस लाने के लिए तैयार नहीं हैं। यह गलत है। अब तक हम 8.5 लाख प्रवासियों को वापस ले आए हैं और 10 जून तक लगभग 10.5 लाख लोग वापस आ जाएंगे।' मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने केवल यह कहा था कि प्रवासियों को वापस चरणबद्ध तरीके से लाया जाना चाहिए, अन्यथा राज्य में कोविड- 19 मामलों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है।