परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी के अंगरक्षक को संदिग्ध परिस्थितियों में लगी गोली
राज्य के परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी के सुरक्षा तंत्र में शामिल पुलिसकर्मी शुभव्रत चक्रवर्ती शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल हो गए।
खड़गपुर, जागरण संवाददाता। राज्य के परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी के सुरक्षा तंत्र में शामिल पुलिसकर्मी शुभव्रत चक्रवर्ती शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल हो गए। गोली उनके सीने में लगी है। शुभव्रत को गंभीर अवस्था में पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत कंटाई महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शनिवार को कंटाई पुलिस बैरक में सुबह लगभग 11 बजे गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली चलने की दिशा की ओर जाने पर पुलिसकर्मियों ने देखा कि शुभव्रत चक्रवर्ती खून से लथपथ अवस्था में जमीन पर पड़े थे और पास ही उनकी सर्विस रिवॉल्वर भी पड़ी थी।
गोली उनके सीने में लगी थी। घटना से पुलिस बैरक में सनसनी फैल गई। तुरंत उन्हें कंटाई महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां समाचार प्रेषण तक उनकी हालत गंभीर बतायी जा रही थी। प्रारंभिक जांच के मुताबिक पुलिस का अनुमान है कि संभवत: उन्होंने आत्महत्या का प्रयास किया हो। हालांकि वास्तविक वजह विस्तृत जांच के बाद ही सामने आने की बात पुलिस अधिकारी कर रहे हैं।
कांथी (ग्रामीण) के एएसपी इंद्रजीत बसु ने कहा कि घायल पुलिस कर्मी की हालत काफी गंभीर है। इलाज चल रहा है। पूरी जांच-पड़ताल के पश्चात की कुछ कहा जा सकेगा। बताते चलें कि महिषादल थाना अंतर्गत सरबेड़िया गांव निवासी 40 वर्षीय शुभव्रत चक्रवर्ती परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी के सुरक्षा तंत्र के सदस्य हैं।