नव वर्ष पर परिवहन विभाग चलाएगा 262 विशेष बसें, मिलेगी मेट्रो की 250 सर्विस
मेट्रो रेल प्रशासन ने नववर्ष यानी पहली जनवरी में अपनी सर्विस में संशोधन किया है। इस दिन यात्रियों को 250 सर्विस दी जाएगी।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। नव वर्ष यानी एक जनवरी को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग की ओर से विशेष बसों की व्यवस्था की गई है, ताकि नव वर्ष के दिन घूमने निकलने वाले लोगों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। मिली जानकारी के मुताबिक परिवहन विभाग की ओर से एक जनवरी को कुल 262 विशेष बसें चलाई जाएंगी।
त्योहारी मौसम व नए साल के आगाज के मौके पर लोगबाग अपने परिवार व संगे संबंधियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित दर्शनीय स्थलों पर घूमने जाते हैं और इस दिन बसों की अनुपलब्धता की वजह से लोगों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस साल उमड़ने वाली असंख्य भीड़ को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने खास व्यवस्था के तहत विशेष बसों के संचालन का फैसला लिया है। वहीं बताया गया कि उक्त बसें निक्को पार्क, पार्क स्ट्रीट, मैदान, चिड़िखाना, इको पार्क और बेलूर मठ से चलाई जाएंगी। परिवहन विभाग की माने तो इको पार्क से 91 बसें चलाई जाएंगी।
वहीं संतरागाछी से बेहला के लिए एसटी-10, गरिया से एयरपोर्ट टर्मिनल के रास्ते इको पाक जाने के लिए एसी-37 ए, कामालगाजी से इको स्पेस वाया निक्को पार्क के लिए एस-9 सी, जोका से इको स्पेस वाया निक्को पार्क के लिए एस-3 ड्ब्ल्यू, बारासात से बारासात स्पेशल, न्यू टाउन से बारासात वाया इको पार्क, जोका बारासात वाया इको पार्क सी-8, करुणामयी से बारासात एसीटी-4, जादवपुर से इको स्पेस वाया इको पार्क एसी-9बी, पार्क सर्कस से राजचंद्रपुर के लिए सी-23, राजचंद्रपुर से करुणामयी वाया इको पार्क एसी-23 ए, एयरपोर्ट से बारासात-न्यू टाउन-इको पार्क के लिए एसी-38, उल्टाडांगा से इको पार्क वाया निक्को पार्क के लिए एस-30, गल्फग्रीन से एयरपोर्ट वाया निक्को पार्क के लिए एसी-43 और कुंदघाट से इको पार्क के लिए एसी-47 और हावड़ा से न्यू टाउन वाया इको पार्क के लिए एस-12 होगी। वहीं बताया गया कि निक्को पार्क के लिए 68 विशेष बसों की व्यवस्था की गई है तो वहीं चिड़ियाखाना के लिए 11 विशेष बसें और बेलूर मठ के लिए 12 विशेष बसें होंगी।
नववर्ष पर मिलेगी मेट्रो की 250 सर्विस
मेट्रो रेल प्रशासन ने नववर्ष यानी पहली जनवरी में अपनी सर्विस में संशोधन किया है। इस दिन यात्रियों को 250 सर्विस दी जाएगी। मंगलवार को 125 अप और 125 डाउन सर्विस दी जाएगी। इनमें से 84 सेवा (41अप और 42 डाउन) कवि सुभाष और नोआपाड़ा के बीच रहेगी। हालांकि कवि सुभाष और दमदम से पहली व अंतिम सेवा के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
पहली सर्विस सुबह 6.45 बजे तथा अंतिम सर्विस 9.55 बजे मिलेगी। इसके अलावा कवि सुभाष और नोआपाड़ा के बीच पहली मेट्रो सुबह 6.45 बजे व अंतिम मेट्रो 8.50 बजे तथा नोआपाड़ा से कवि सुभाष के बीच पहली मेट्रो सुबह 7.02 बजे तथा अंतिम मेट्रो रात 9.49 बजे मिलेगी।