सत्ता में रहते हुए भाजपा का लोकतंत्र बचाने का अभियान चलाना ‘सेम साइड गोल’ जैसा: कुणाल घोष
तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान को 'सेम साइड गोल' बताया है। पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष ...और पढ़ें

भाजपा का लोकतंत्र बचाने का अभियान चलाना ‘सेम साइड गोल’ जैसा। (पीटीआई)
HighLights
तृणमूल ने भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ' अभियान पर साधा निशाना।
कुणाल घोष ने इसे 'सेम साइड गोल' करार दिया।
भाजपा को अपने आंतरिक मतभेदों पर ध्यान देने की सलाह।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। भाजपा की ओर से चलाए जा रहे देशव्यापी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान पर तृणमूल कांग्रेस ने निशाना साधा है। पार्टी के प्रवक्ता और विधायक कुणाल घोष ने बुधवार को भाजपा के इस अभियान को ‘सेम साइड गोल’ करार देते हुए कहा कि सत्ता में रहते हुए लोकतंत्र बचाने की बात करना समझ से परे है। उन्होंने भाजपा के भीतर कथित मतभेदों का हवाला देते हुए पार्टी को पहले अपने संगठन की स्थिति पर ध्यान देने की सलाह भी दी।
घोष ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी ओर से लोकतंत्र बचाने का आह्वान उन राज्यों के लिए किया गया था, जहां लोकतंत्र नहीं है, खासकर जहां भाजपा सत्ता में है। ऐसे में भाजपा खुद इस तरह की रैलियां कर रही है तो यह अपनी ही तरफ गोल करने जैसा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को शायद अपनी पार्टी के भीतर लोकतंत्र बचाने की जरूरत है। संगठन में चल रहे कथित मतभेदों पर पहले उसे ध्यान देना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने दो नवंबर को बंगाल में भी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान की शुरुआत की थी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट से धर्मतल्ला तक पैदल मार्च का नेतृत्व किया था। इसमें मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे।
भाजपा का यह अभियान विपक्षी दलों की ओर से कथित चुनावी अनियमितताओं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एफआईआर) के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों के जवाब में देशव्यापी अभियान का हिस्सा है।