विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गिरफ्तारी से सुरक्षा की मांग को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट की शरण में ‘पुष्पा’, सीएम सुवेंदु ने कहा था कुख्यात अपराधी

Published: Mon, 18 May 2026 04:33 PM (GMT+05:30)

तृणमूल नेता जहांगीर खान ने कलकत्ता हाई कोर्ट में अपने खिलाफ कठोर पुलिस कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की ...और पढ़ें

हाई कोर्ट की शरण में जहांगीर खान। (सोशल मीडिया)

हाई कोर्ट की शरण में जहांगीर खान। (सोशल मीडिया)


HighLights

  1. जहांगीर खान ने कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दायर की।

  2. पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी से सुरक्षा की मांग की।

  3. सुवेंदु अधिकारी ने उन्हें 'कुख्यात अपराधी' बताया था।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के नेता और फलता विधानसभा सीट से प्रत्याशी जहांगीर खान ने सोमवार को कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए अपने खिलाफ किसी भी प्रकार की कठोर पुलिस कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल पुलिस लगातार उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज कर रही है। यह याचिका मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की उस टिप्पणी के दो दिन बाद दायर की गई है, जिसमें उन्होंने ‘पुष्पा’ नाम का जिक्र करते हुए कहा था कि जहांगीर खान एक चिन्हित कुख्यात अपराधी है और उसके मामले को वह खुद देखेंगे।

जहांगीर खान ने की तत्काल सुनवाई की मांग

न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की अदालत में मामले की तत्काल सुनवाई की मांग करते हुए खान के वकील किशोर दत्ता ने अदालत से अनुरोध किया कि उनके मुवक्किल के खिलाफ दर्ज सभी प्राथमिकी की जानकारी दी जाए और किसी भी प्रकार की कठोर कार्रवाई से संरक्षण प्रदान किया जाए। अदालत ने कहा कि मामले पर दिन में बाद में सुनवाई की जाएगी।

बंगाल के पूर्व महाधिवक्ता किशोर दत्ता ने अदालत को बताया कि जहांगीर खान फलता विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार हैं, जहां गुरुवार को पुनर्मतदान होना है और मतगणना रविवार को होगी।

दक्षिण 24 परगना जिले की फलता सीट पर 29 अप्रैल को दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के आरोपों के बाद निर्वाचन आयोग ने मतदान रद कर दिया था। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था।

जहांगीर ने खुद को बताया था 'पुष्पा'

विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस के दबंग नेता जहांगीर खान ने खुद की तुलना फिल्म ‘पुष्पा’ के किरदार से की थी। यह बयान उस समय आया था जब निर्वाचन आयोग द्वारा बंगाल में पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी अजयपाल शर्मा की तुलना फिल्म ‘सिंघम’ के किरदार से की जा रही थी।

एक प्रसारित वीडियो में शर्मा को खान के परिवार को चेतावनी देते हुए देखा गया था, जिसके जवाब में तृणमूल प्रत्याशी ने खुद को ‘पुष्पा’ बताया था।

यह भी पढ़ें- बंगाल में महिलाओं को मिलेंगे 3000 रुपये महीना, मदरसे पर चला हथौड़ा; सुवेंदु कैबिनेट ने लिए कई बड़े फैसले