विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तपसिया तृणमूल भवन में निर्माण की सशर्त अनुमति, राजनीतिक जमावड़े पर रोक जारी; सिर्फ 4 पार्टीकर्मियों को छूट

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:39 PM (IST)

पुलिस घेराबंदी के बाद कोलकाता के तपसिया स्थित तृणमूल कांग्रेस के पुराने भवन में निर्माण कार्य की सशर्त अनुमति मिल गई है।

निर्माण जारी रखने की सशर्त अनुमति, तृणमूल भवन में राजनीतिक जमावड़े पर रोक।

निर्माण जारी रखने की सशर्त अनुमति, तृणमूल भवन में राजनीतिक जमावड़े पर रोक।

HighLights

  1. पुलिस घेराबंदी के बाद तृणमूल भवन में निर्माण की अनुमति मिली

  2. राजनीतिक गतिविधियों और जमावड़े पर प्रतिबंध बरकरार रहेगा

  3. केएमसी की शिकायत पर पुलिस ने की थी कार्रवाई

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता के तपसिया स्थित तृणमूल कांग्रेस के पुराने भवन में शुक्रवार रात पुलिस की घेराबंदी के बाद शनिवार को पार्टी को निर्माण कार्य जारी रखने की सशर्त अनुमति मिल गई। हालांकि, भवन में किसी भी तरह की राजनीतिक गतिविधि या जमावड़े पर रोक बरकरार रहेगी।

कोलकाता नगर निगम (केएमसी) से जरूरी अनापत्ति और भवन का पूर्णता प्रमाणपत्र मिलने तक यह प्रतिबंध लागू रहेगा। शनिवार सुबह भी भवन के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और प्रवेश करने वालों की पहचान की जांच की गई।

शुक्रवार शाम आनंदपुर थाने की पुलिस ने 36जी, तपसिया रोड स्थित निर्माणाधीन भवन के प्रवेश मार्ग पर बैरिकेड लगा दिए थे। नगर निगम की ओर से भवन में पूर्णता प्रमाणपत्र (सीसी) नहीं होने और वहां राजनीतिक बैठकें किए जाने पर आपत्ति जताते हुए पुलिस को शिकायत दी गई थी। प्रशासन को आशंका थी कि निर्माणाधीन इमारत में लोगों के जुटने से दुर्घटना हो सकती है।

चार कार्यकर्ताओं को प्रवेश

कार्रवाई की जानकारी मिलने पर शुक्रवार देर रात तृणमूल के उत्तर और दक्षिण कोलकाता के संगठनात्मक जिला अध्यक्ष कुणाल घोष और वैश्वानर चट्टोपाध्याय टीएमसी भवन पहुंचे। पुलिस अधिकारियों के साथ लंबी बातचीत के बाद निर्माण कार्य की अनुमति देने पर सहमति बनी।

नई व्यवस्था के तहत राजमिस्त्री, ठेकेदार, निर्माण सामग्री के आपूर्तिकर्ता और पर्यवेक्षक आ-जा सकेंगे। अधिकतम चार पार्टीकर्मियों को परिसर में रहने, निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और नेताओं को निर्माण कार्य की निगरानी करने की अनुमति होगी। लेकिन बैठक या संगठनात्मक गतिविधि नहीं होगी।

कार्रवाई पर आरोप-प्रत्यारोप

तृणमूल सांसद डोला सेन ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक कदम बताया। उनका आरोप है कि बिना लिखित नोटिस के पार्टी के अपने भवन में प्रवेश और गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि यह कदम नगर निगम की शिकायत और सुरक्षा संबंधी आशंकाओं के आधार पर उठाया गया है।

इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सवाल उठाया कि निर्माणाधीन इमारत में बैठक के दौरान कोई हादसा होता तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता। दूसरी ओर, तृणमूल सांसद सौगत राय ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी और उनकी पार्टी को नाम-निशान समेत राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिश हो रही है।

तपसिया का यह दोमंजिला भवन लंबे समय तक तृणमूल का पुराना कार्यालय रहा है। करीब ढाई वर्ष पहले पार्टी का दैनिक कामकाज मेट्रोपालिटन स्थित नए कार्यालय में स्थानांतरित होने के बाद यहां निर्माण कार्य शुरू हुआ था।

मौजूदा पार्टी विभाजन के बीच मेट्रोपालिटन कार्यालय ऋतब्रत बनर्जी गुट के नियंत्रण में है। ऐसे में ममता बनर्जी गुट की ओर से पुराने भवन में फिर से संगठनात्मक गतिविधियां शुरू करने की कोशिश को पुलिस की रोक से झटका लगा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।