बंगाल चुनाव से पहले TMC को झटका, पूर्व विधायक अर्घ्य राय प्रधान और बंशी बदन बर्मन BJP में शामिल
बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच तृणमूल कांग्रेस को झटका लगा है। पूर्व विधायक अर्घ्य राय प्रधान और राजबंशी नेता बंशी बदन बर्मन कोलकाता में भाजपा में शामिल हो गए।

बंगाल चुनाव से पहले TMC को झटका

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो,जागरण, कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच दल-बदल की राजनीति तेज होती जा रही है और इसका ताजा असर तृणमूल कांग्रेस पर दिखा है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जहां उत्तर बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए रवाना हुईं, वहीं उसी दौरान कोलकाता में मेखलीगंज के पूर्व विधायक अर्घ्य राय प्रधान और राजबंशी समुदाय के नेता बंशी बदन बर्मन ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
BJP में शामिल हुए अर्घ्य राय प्रधान
साल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी की मौजूदगी में इन नेताओं ने पार्टी का दामन थामा।
इस दौरान मेखलीगंज ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष बप्पा मंडल भी भाजपा में शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने इसे उत्तर बंगाल में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम बताया।
अर्घ्य राय प्रधान 2011 में तूफानगंज और 2016 में मेखलीगंज से विधायक रह चुके हैं। उनके पिता स्वर्गीय अमर राय प्रधान फारवर्ड ब्लॉक के दिग्गज नेता और पांच बार के सांसद रहे हैं, जिनका उत्तर बंगाल में व्यापक प्रभाव रहा है। माना जा रहा है कि टिकट को लेकर असंतोष के कारण अर्घ्य लंबे समय से तृणमूल से नाराज थे।
भाजपा में शामिल होते ही अर्घ्य ने तृणमूल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी पार्टी में रहकर जनता का सामना करना मुश्किल हो गया था।
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि उत्तर बंगाल में यह घटनाक्रम परिवर्तन की शुरुआत का संकेत है। शमिक ने राज्य की स्थिति को जनता बनाम तृणमूल करार देते हुए मतदाता सूची में पारदर्शिता की मांग उठाई।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कोलकाता नगर निगम के एकमात्र पार्षद संतोष पाठक भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें- बंगाल में आईएसएफ उम्मीदवार के जुलूस पर हमला, कई घायल; TMC कार्यकर्ताओं पर लगे आरोप
