विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में आईएसएफ उम्मीदवार के जुलूस पर हमला, कई घायल; TMC कार्यकर्ताओं पर लगे आरोप

Published: Tue, 24 Mar 2026 08:42 PM (IST)

दक्षिण 24 परगना के कैनिंग में आईएसएफ उम्मीदवार अराबुल इस्लाम के चुनावी जुलूस पर हमला हुआ, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल ...और पढ़ें

अराबुल इस्लाम के जुलूस पर सोमवार रात हमला कर दिया गया

अराबुल इस्लाम के जुलूस पर सोमवार रात हमला कर दिया गया

HighLights

  1. आईएसएफ उम्मीदवार अराबुल इस्लाम के जुलूस पर हमला।

  2. हमले में कई आईएसएफ कार्यकर्ता हुए घायल।

  3. टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगा।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। बंगाल के दक्षिण 24 परगना के कैनिंग में चुनावी सरगर्मी उस वक्त हिंसा में बदल गई, जब इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के उम्मीदवार अराबुल इस्लाम के जुलूस पर सोमवार रात हमला कर दिया गया।

चंदनेश्वर बाजार में प्रचार के लिए निकले अराबुल के जुलूस पर अचानक धावा बोला गया। आरोप है कि हमलावरों ने आईएसएफ कार्यकर्ताओं को निशाना बनाते हुए जमकर पिटाई की, जिसमें कई घायल हो गए। देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प छिड़ गई।

तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर आरोप

आईएसएफ ने इस हमले के पीछे सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का हाथ बताया है। साथ ही स्थानीय टीएमसी नेता शौकत मोल्ला के करीबी लोगों पर भी संलिप्तता के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, टीएमसी की ओर से इन आरोपों का खंडन किया गया है।

घटना के बाद आक्रोशित आईएसएफ समर्थकों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे हालात और बिगड़ने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया।

गौरतलब है कि आईएसएफ ने हाल ही में अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की है और कैनिंग ईस्ट से अराबुल इस्लाम को मैदान में उतारा है। हाल में अराबुल टीएमसी से आईएसएफ में शामिल हुए हैं।