विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

 कल्याण बनर्जी का निलंबन रद कराने की कवायद, अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा स्पीकर को लिखा पत्र

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:13 PM (IST)

अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर कल्याण बनर्जी का निलंबन रद करने का अनुरोध किया है। तृणमूल कांग्रेस आगामी लोकसभा सत्र से पहले अपने मुख्य सचेतक की संसदीय भागीदारी सुनिश्चित करना चाहती है।

अभिषेक बनर्जी ने कल्याण बनर्जी का निलंबन रद करने की मांग की। (फाइल फोटो-जागरण)

अभिषेक बनर्जी ने कल्याण बनर्जी का निलंबन रद करने की मांग की। (फाइल फोटो-जागरण)

HighLights

  1. अभिषेक बनर्जी ने कल्याण बनर्जी का निलंबन वापस लेने का अनुरोध किया।

  2. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखा गया है यह पत्र।

  3. आगामी अधिवेशन से पहले निलंबन हटाने की मांग की गई।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। लोकसभा के आगामी अधिवेशन से पहले ममता तृणमूल कांग्रेस ने अपने मुख्य सचेतक कल्याण बनर्जी का निलंबन वापस कराने की पहल तेज कर दी है। पार्टी के लोकसभा में नेता अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर कल्याण का निलंबन वापस लेने का अनुरोध किया।

30 नवंबर से लोकसभा की बैठक दोबारा शुरू होने वाली है। ऐसे में तृणमूल चाहती है कि अधिवेशन शुरू होने से पहले कल्याण की सदस्यता संबंधी संसदीय गतिविधियों में भागीदारी पर लगी रोक हट जाए। अभिषेक ने अपने पत्र में याद दिलाया है कि 22 जुलाई को मॉनसून सत्र के शेष दिनों के लिए कल्याण बनर्जी को लोकसभा से निलंबित किया गया था।

इसके बाद 13 अगस्त को सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई, लेकिन अधिवेशन का औपचारिक समापन नहीं हुआ। इस वजह से तकनीकी रूप से कल्याण का निलंबन अब भी प्रभावी है। अभिषेक ने तर्क दिया है कि निलंबन जारी रहने से कल्याण आगामी अधिवेशन में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।

इससे एक निर्वाचित सांसद के रूप में उनके संसदीय दायित्वों के साथ ही तृणमूल के मुख्य सचेतक की जिम्मेदारी भी प्रभावित होगी। सदन में पार्टी के सांसदों के बीच समन्वय स्थापित करने और संसदीय कामकाज में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने में मुख्य सचेतक की अहम भूमिका होती है।

नियमों का दिया हवाला

निलंबन वापस लेने की मांग के समर्थन में अभिषेक ने लोकसभा की कार्य संचालन नियमावली के नियम 374(2) का उल्लेख किया है। इसके तहत किसी सदस्य का निलंबन वापस लेने का प्रस्ताव सदन किसी भी समय स्वीकार कर सकता है।

उन्होंने अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि इस संबंध में प्रस्ताव पर जल्द विचार किया जाए, ताकि कल्याण आगामी अधिवेशन में अपनी संसदीय जिम्मेदारियां निभा सकें। गौरतलब है कि 22 जुलाई को लोकसभा में महिला सांसदों के खिलाफ कथित तौर पर असंसदीय और अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल के आरोप में कल्याण बनर्जी को निलंबित किया गया था।

मिताली बाग और काकोली घोष दस्तीदार समेत तृणमूल की महिला सांसदों के साथ तीखी बहस के बाद उनके खिलाफ अध्यक्ष को लिखित शिकायत दी गई थी। इसके बाद सदन में उनके निलंबन का प्रस्ताव पारित हुआ था। अब आगामी अधिवेशन से पहले अभिषेक की इस पहल से कल्याण के निलंबन का मामला फिर संसदीय चर्चा में आ गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।