बंगाल: TMC ऑफिस से ₹1.02 करोड़ बरामद, अभिषेक बनर्जी ने बताया पुलिस का षड्यंत्र
दक्षिण 24 परगना के सरिशा स्थित TMC कार्यालय से 1.02 करोड़ रुपये बरामद होने पर अभिषेक बनर्जी ने पुलिस पर जानबूझकर नकदी रखकर झूठे सबूत गढ़ने का आरोप लगाया है।

पार्टी कार्यालय से नकदी बरामदगी को अभिषेक ने बताया पुलिस की साजिश
HighLights
TMC कार्यालय से 1.02 करोड़ रुपये से अधिक नकदी मिली।
अभिषेक बनर्जी ने पुलिस पर झूठे सबूत गढ़ने का आरोप लगाया।
सुमित राय से पूछताछ के बाद हुई थी यह छापेमारी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दक्षिण 24 परगना जिले के सरिशा स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय से 1.02 करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद होने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।
तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि पुलिस प्रशासन ने जानबूझकर वहां नकदी रखकर झूठे सबूत गढ़े।
बुधवार देर रात इंटरनेट मीडिया पर जारी पोस्ट में उन्होंने इसे न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करने और जांच को मनमाने ढंग से मोड़ने की कोशिश बताया। अभिषेक ने दावा किया कि संबंधित परिसर में करीब छह माह पहले भाजपा समर्थित लोगों ने तोड़फोड़ की थी।
बाद में वह पुलिस जांच के दायरे में आ गया। उन्होंने चेतावनी दी कि कथित तौर पर सबूत गढ़ने और पुलिस शक्तियों के दुरुपयोग में शामिल लोगों को उनके पद या राजनीतिक संरक्षण के बावजूद जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून से किसी को छूट नहीं मिलेगी।
सुमित राय से पूछताछ के बाद हुई थी छापेमारी
डायमंड हार्बर पुलिस ने सरिशा स्थित परिसर से 1,02,79,000 रुपये बरामद किए थे। पुलिस के अनुसार, यह जानकारी अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी सुमित राय से पूछताछ के दौरान मिली थी।
राय फिलहाल कालितला-आशुति थाने में दर्ज मिट्टी चोरी के एक मामले में पुलिस हिरासत में है। पुलिस इस मामले में कथित वित्तीय अनियमितताओं की भी जांच कर रही है।