ममता बनर्जी का बड़ा दांव, पूर्व शिक्षिका संचिता प्रधानी को नंदीग्राम से बनाया उम्मीदवार
ममता बनर्जी ने नंदीग्राम उपचुनाव के लिए पूर्व शिक्षिका संचिता प्रधानी डे को उम्मीदवार बनाया है, जिससे उनके खुद चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लग गया है।

ममता बनर्जी ने संचिता प्रधानी डे को नंदीग्राम से उतारा (फाइल फोटो)
HighLights
ममता बनर्जी ने संचिता प्रधानी डे को नंदीग्राम से उतारा
संचिता पूर्व शिक्षिका हैं, शिक्षक भर्ती घोटाले से जुड़ी थीं
यह फैसला रोजगार और शिक्षक विवाद से जोड़ा जा रहा
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नंदीग्राम उपचुनाव में अपेक्षाकृत नए चेहरे संचिता प्रधानी डे को उम्मीदवार बनाकर उनके खुद चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। संचिता नंदीग्राम के बोयाल प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं।
कथित शिक्षक भर्ती घोटाले के मामले में 26 हजार शिक्षकों की नियुक्तियां रद किए जाने पर उन्हें भी नौकरी गंवानी पड़ी थी। बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें फिर से नौकरी मिल गई।
2026 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी। नियम के मुताबिक उन्हें एक सीट छोड़नी थी और उन्होंने नंदीग्राम सीट खाली कर दी। इसी कारण उपचुनाव हो रहा है।
संचिता 2008 से तृणमूल कांग्रेस से जुड़ी हैं। वह 2018 से 2023 तक पंचायत समिति की सदस्य भी रही हैं। वह उसी मतदान केंद्र की मतदाता हैं, जहां से 2026 में तृणमूल ने भाजपा से आए पवित्र कर को उम्मीदवार बनाया था।
नंदीग्राम में भाजपा से दूसरी चुनावी टक्कर
नंदीग्राम और रेजीनगर में उपचुनाव अक्टूबर के पहले सप्ताह में होने हैं। इसे 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा और तृणमूल के बीच दूसरी बड़ी चुनावी टक्कर के रूप में देखा जा रहा है। नंदीग्राम का ममता बनर्जी की राजनीति में विशेष महत्व रहा है।
2007 के नंदीग्राम आंदोलन के बाद ही तृणमूल का जनाधार मजबूत हुआ और 2011 में पार्टी सत्ता में आई थी। इसके बावजूद ममता ने इस बार किसी प्रमुख नेता के बजाय नौकरी गंवाने और फिर वापस पाने वाली पूर्व अभ्यर्थी को मैदान में उतारा है।
पार्टी के इस फैसले को शिक्षक नियुक्ति विवाद और रोजगार के मुद्दे से जोड़कर भी देखा जा रहा है। रेजीनगर से तृणमूल ने रबिउल आलम चौधरी को उम्मीदवार बनाया है।
यह भी पढ़ें- उपचुनाव नहीं लड़ेंगी ममता... नंदीग्राम और रेजीनगर से पार्टी ने उतारे प्रत्याशी, ऋतब्रत गुट ने कसा तंज
यह भी पढ़ें- 'हम उम्मीदवार नहीं उतारेंगे...'; नंदीग्राम उपचुनाव में TMC के बागी गुट का ममता बनर्जी को ऑफर
