चोरबागान हादसा मामला: TMC विधायक कुणाल घोष के खिला फकेस दर्ज, पुलिस ने भेजा नोटिस
उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गापूजा मंडप में भगदड़ मामले में तृणमूल कांग्रेस विधायक कुणाल घोष के खिलाफ कोलकाता पुलिस ने केस दर्ज किया है।

चोरबागान भगदड़ मामला (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गापूजा मंडप में भगदड़ की घटना को लेकर राजनीतिक विवाद एक बार फिर गहरा गया है। इस मामले में ममता तृणमूल कांग्रेस के नेता और विधायक कुणाल घोष के खिलाफ कोलकाता पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
गिरिश पार्क थाने में यह मामला दर्ज किया गया है। कुणाल घोष का दावा है कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए उन्हें कानूनी नोटिस भी भेजा है।
कुणाल ने आरोप लगाया है कि हादसे में 19 लोगों की मौत के बावजूद प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जबकि घटना को लेकर आवाज उठाने वालों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
चोरबागान पूजा मंडप में हुई भगदड़ के बाद प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था में कथित खामियों को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इसी क्रम में प्रभावशाली लोगों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर तृणमूल कांग्रेस, वाममोर्चा और कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गिरिश पार्क थाने के सामने प्रदर्शन किया था।
इस प्रदर्शन में शामिल रहे कुणाल घोष के अनुसार, इसी सिलसिले में मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। गौरतलब है कि इस वर्ष दुर्गापूजा की शुरुआत में उत्तर कोलकाता के चोरबागान पूजा मंडप में भगदड़ मच गई थी।
इस हादसे में 19 लोगों की मौत हुई थी। घटना के बाद से ही पूजा मंडप की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और प्रशासनिक निगरानी को लेकर सवाल उठते रहे हैं।