परिसीमन और महिला आरक्षण पर घमासान: TMC के 20 बागी सांसदों पर भी अभिषेक बनर्जी का व्हिप, क्या पलटेगा खेल?
तृणमूल कांग्रेस ने परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों पर संसद के विशेष सत्र के लिए अपने सभी 28 सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी किया है।
-1795865110691_m.webp)
लोकसभा में तृणमूल संसदीय दल के नेता अभिषेक बनर्जी (File Photo)
HighLights
तृणमूल कांग्रेस ने संसद सत्र के लिए सभी सांसदों को व्हिप जारी किया।
परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों पर समर्थन हेतु उपस्थिति अनिवार्य।
पार्टी से अलग हुए 20 सांसदों पर भी व्हिप लागू होगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों को लेकर संसद में सियासी घमासान के आसार के बीच तृणमूल कांग्रेस के भीतर भी शक्ति प्रदर्शन की तैयारी तेज हो गई है। पार्टी में टूट के बाद अलग हुए 20 सांसदों पर अपना अधिकार जताते हुए ममता बनर्जी के खेमे ने तीन लाइन का व्हिप जारी किया है।
लोकसभा में तृणमूल संसदीय दल के नेता अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को सभी सांसदों को 30 नवंबर से चार दिसंबर तक सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया। मुख्य सचेतक कल्याण बनर्जी के निलंबित होने के कारण अभिषेक ने खुद यह व्हिप जारी किया है।
दरअसल, केंद्र सरकार सोमवार से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में संविधान संशोधन और परिसीमन से संबंधित विधेयक पेश करने की तैयारी में है। महिला आरक्षण को जल्द लागू करने के उद्देश्य से लाए जा रहे इन विधेयकों पर दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी।
ऐसे में सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों अपने-अपने सांसदों को एकजुट रखने में जुटे हैं। तृणमूल के लिए यह चुनौती और बड़ी है, क्योंकि लोकसभा में पार्टी के 28 सांसदों में से 20 अलग होकर नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी आफ इंडिया (एनसीपीआइ) के साथ जा चुके हैं।
कागजों पर अब भी तृणमूल के सांसद
तृणमूल में टूट के बाद ममता बनर्जी के साथ आठ सांसद बताए जा रहे हैं, जबकि 20 सांसदों ने एनसीपीआइ के साथ जाने और एनडीए को समर्थन देने का एलान किया है। हालांकि, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के पास इन सांसदों के विलय और दल-बदल से संबंधित मामला लंबित है। लोकसभा के आधिकारिक रिकार्ड में ये 20 सांसद अब भी तृणमूल कांग्रेस के सदस्य के रूप में दर्ज हैं।
ऐसे में अभिषेक की ओर से जारी व्हिप के दायरे में सभी 28 सांसदों को रखा गया है। अभिषेक बनर्जी ने पहले ही इन 20 सांसदों की सदस्यता समाप्त करने की मांग करते हुए लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष याचिका दी है। दूसरी ओर, अलग हुए सांसदों का दावा है कि उनका कदम विधायी दल के दो-तिहाई सदस्यों के समर्थन से हुआ विलय है। इस पर अध्यक्ष का अंतिम फैसला अभी नहीं आया है। लिहाजा, विशेष सत्र में इन सांसदों की मौजूदगी और मतदान की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
एनडीए के समर्थन में दिख रहे बागी सांसद
इस बीच अलग हुए सांसदों के केंद्र सरकार के विधेयकों के समर्थन में खड़े होने के संकेत मिल रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 20 बागी सांसद परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की तैयारी में हैं। शताब्दी राय भी महिला आरक्षण विधेयक के समर्थन की बात कह चुकी हैं। सूत्रों के मुताबिक, अयोग्यता संबंधी याचिका लंबित रहने के बावजूद अध्यक्ष का फैसला आने तक इन सांसदों को सदन में मतदान का अधिकार प्राप्त रहेगा।
ऐसे में अभिषेक का व्हिप केवल सांसदों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए ममता खेमा पार्टी के संसदीय अधिकार और अपने राजनीतिक रुख को भी स्थापित करना चाहता है। दूसरी ओर, एनसीपीआइ की ओर से भी अपने सांसदों के लिए अलग व्हिप जारी किए जाने की संभावना है। संसद में विधेयकों पर चर्चा और मतदान के दौरान दोनों खेमों की राजनीतिक दूरी और अधिक स्पष्ट हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।