समुद्र में बढ़ेगी नौसेना की ताकत, टीटागढ़ नेवल सिस्टम्स ने सौंपा स्वदेशी तकनीक से लैस दूसरा डाइविंग सपोर्ट क्राफ्ट
टीटागढ़ नेवल सिस्टम्स लिमिटेड ने भारतीय नौसेना को पांच गोताखोरी सहायता पोतों में से दूसरा पोत मुंबई में सौंपा।

टीटागढ़ ने नौसेना को दूसरा गोताखोरी सहायता पोत सौंपा (फोटो- @titagarhnaval)
HighLights
टीटागढ़ ने नौसेना को दूसरा गोताखोरी सहायता पोत सौंपा
यह पोत 'मेक इन इंडिया' पहल के तहत निर्मित है
विशेष गोताखोरी, पानी के भीतर निरीक्षण में सहायक होगा
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। टीटागढ़ नेवल सिस्टम्स लिमिटेड ने भारतीय नौसेना को पांच गोताखोरी सहायता पोतों में से दूसरा पोत सौंप दिया है। मुंबई स्थित नौसेना डकयार्ड में सोमवार को यह पोत नौसेना को सौंपा गया। कंपनी ने इसकी वित्तीय लागत का खुलासा नहीं किया है। ये पोत रक्षा मंत्रालय की ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत तैयार किए जा रहे हैं।
स्वदेशी तकनीक से विकसित इस पोत का ढांचा विशेष प्रकार का है। 32.9 मीटर लंबे इस पोत का इस्तेमाल विशेष गोताखोरी अभियान, पानी के भीतर निरीक्षण और समुद्र में डूबे सामान को निकालने में सहायता के लिए किया जाएगा।
इसमें 18 कर्मियों के रहने की क्षमता है और सामान्य आर्थिक गति पर यह लगातार 72 घंटे तक समुद्र में रह सकता है। कंपनी बंगाल के फलता में नए सिरे से आधुनिक पोत निर्माण केंद्र विकसित कर रही है।
इसका उद्देश्य विशेष श्रेणी के पोतों के निर्माण की क्षमता का विस्तार करना है। कंपनी के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक उमेश चौधरी ने कहा कि कंपनी हरित तकनीक, स्वचालित प्रणालियों और पानी के भीतर काम करने वाले अगली पीढ़ी के पोतों की क्षमता विकसित करना चाहती है। इसके लिए विशेष पोत निर्माण और उभरती समुद्री तकनीकों में निवेश किया जा रहा है।
टीटागढ़ रेल सिस्टम्स को जेएसडब्ल्यू (साउथ) रेल लाजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड से 77.09 करोड़ रुपये का आर्डर भी मिला है। इसके अलावा, भारतीय रेलवे ने कंपनी को विशेष वाहन वाहक मालवाहक डिब्बों के निर्माण और उनकी आपूर्ति के लिए मार्ग संबंधी मंजूरी दे दी है।