बंगाल में खाड़ी में फिर तीन ट्रेलर डूबे, 19 मछुआरे लापता
बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर मछुआरों से भरे तीन ट्रेलर पलट जाने का मामला सामने आया है। हादसे के बाद से 19 मछुआरे लापता हैं, 28 लोगों को बचाया गया है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर मछुआरों से भरे तीन ट्रेलर पलट जाने का मामला सामने आया है। हादसे के बाद से 19 मछुआरे लापता हैं, जबकि कोस्ट गार्ड, प्रशासन और साथियों की मदद से 28 लोगों को बचा लिया गया है।
लापता सभी मछुआरे दक्षिण 24 परगना जिले के काकद्वीप और नामखाना के रहने वाले हैं। काकद्वीप फिशरमैन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विजन माईति ने तीन ट्रेलर डूबने की पुष्टि भी कर दी है। कोस्ट गार्ड, पुलिस, जिला प्रशासन और स्थानीय लोग लापता मछुआरों की तलाश में जुट गए हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मौसम साफ देख मछुआरों का दल ट्रेलर लेकर समुद्र में मछली पकड़ने गया था। इसमें फ्रेजरगंज एमवी मल्लेश्वर, काकद्वीप एमवी जयकिशन और एमवी मां शिवानी नामक ट्रेलर शामिल थे। एमवी मल्लेश्वर नामक ट्रेलर में 11 मछुआरे सवार थे, जबकि एमवी जयकिशन में 16 और एमवी मां शिवानी में 20 मछुआरे सवार थे।
मछुआरों का दल जब समुद्र की गहराई में पहुंचा, तो मौसम अचानक खराब हो गया। समुद्र की ऊंची-ऊंची लहरें मछुआरों के ट्रेलर को झंकझोरने लगी। यह देख मछुआरों का दल वापस लौटने लगा। पर केंदो द्वीप के पास से गुजरने के दौरान तीनों ट्रेलर एक-एक कर पलट गए। वहां से गुजर रहे साथियों की मदद से एमवी मल्लेश्वर नामक ट्रेलर में सवार 11 में से पांच मछुआरों को बचा लिया गया, लेकिन छह डूब गए।
जबकि एमवी जयकिशन के 16 से छह मछुआरों और एमवी शिवानी में सवार 20 में से 17 को बचा लिया गया। बाकी डूब गए। गौरतलब है कि एक माह पहले ही बंगाल की खाड़ी में ही केंदो द्वीप के पास ट्रेलर पलट गया था। इसमें एक दर्जन से अधिक मछुआरों की मौैत हुई थी।