बंगाल में रथ यात्रा की सफलता को भाजपा का दीवार लेखन शुरू
भाजपा पश्चिम बंगाल में अपनी रथ यात्रा को सफल बनाने के लिए जोरशोर से तैयारियों में जुटी हुई है। इसके लिए पार्टी ने अब प्रचार भी शुरू कर दिया है।
कोलकाता, जेएनएन। भाजपा पश्चिम बंगाल में अपनी रथ यात्रा को सफल बनाने के लिए जोरशोर से तैयारियों में जुटी हुई है। इसके लिए पार्टी ने अब प्रचार भी शुरू कर दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने बुधवार को महानगर में दीवार लेखन कर इसकी शुरुआत की।
दीवारों पर पार्टी का प्रतीक चिन्ह कमल फूल आंक कर यात्रा को सफल बनाने के लिए नारे लिखे जा रहे हैं| मुक्ताराम बाबू स्ट्रीट से दीवार लेखन शुरू हुआ। इस अवसर पर पार्षद विजय ओझा, नेता कमलेश सिंह सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने दिसंबर से लोकतंत्र बचाओ नारे के तहत पश्चिम बंगाल में रथ यात्रा निकालने का निर्णय किया है। यात्रा तीन चरणों में निकलेगी जो कि सभी 42 लोकसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 7 दिसंबर को कूचबिहार से रथ यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद 9 दिसंबर को रथ यात्रा गंगासागर से निकलेगी।फिर तीसरे चरण की रथ यात्रा बीरभूम के तारापीठ से 14 दिसंबर को निकाली जाएगी।