कोलकाता माजेरहाट पुल हादसा में मृतकों की संख्या तीन हो गयी है
पश्चिम बंगाल के कोलकाता के माजेरहाट फ्लाईओवर का एक हिस्सा गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि दर्जनों अन्य घायल हो गए।
कोलकाता, जेएनएन। पश्चिम बंगाल के कोलकाता के माजेरहाट फ्लाईओवर का एक हिस्सा गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि दर्जनों अन्य घायल हो गए। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। मलबे में दबे हुए लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है। रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थी। सेना की एक टुकड़ी घटनास्थल पर भेजी गई है।
जानकारी के मुताबिक, घंटेभर की मूसलाधार बारिश के बाद दक्षिण कोलकाता के माजेरहाट में रेल लाइन के ऊपर बने फ्लाईओवर का हिस्सा व्यस्त समय पर भरभराकर गिर पड़ा। एकाएक हुए हादसे में पुल से गुजर रहे यात्री बस और कई छोटे वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में 20 से अधिक लोग जख्मी हो गए। घटना से लोगों में चीख पुकार मच गई। कोलकाता के दक्षिणी हिस्से में माजेरहाट पुल का एक हिस्सा ढहने के बाद उसके मलबे में से गुरूवार को एक और शव निकाला गया जिसके बाद इस हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गयी है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतक की पहचान मुर्शिदाबाद जिला निवासी श्रमिक गौतम मंडल (45) के तौर पर की गयी है जो मंगलवार को पुल ढहने के बाद से एक और मजदूर प्रणब डे के साथ लापता था।
उन्होंने कहा कि मंडल माजेरहाट पुल के पास चल रही मेट्रो रेल विस्तार परियोजना में रसोइये के रूप में काम करता था। परियोजना के लिए इलाके में खुदाई की गयी है और चारों तरफ निर्माण सामग्री बिखरी पड़ी है। इससे पहले बुधवार को सौमन बाग का शव मिला था। घटना में घायल 24 लोगों में से 11 को बुधवार को छुट्टी दे दी गयी 13 का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। मंडल का शव मिलने के बाद एनडीआरएफ के जवान घटनास्थल से चले गये वहीं राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मियों ने क्रेन आदि के साथ दुर्घटना स्थल पर बचाव कार्य जारी रखा।
एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने कहा कि हम अपना अभियान बंद कर रहे हैं क्योंकि अब लगता है कि अंदर कोई नहीं है। राज्य सरकार ने घटना के कारणों की जांच करने के लिए मुख्य सचिव मलय डे के नेतृत्व में समिति का गठन किया है। डायमंड हार्बर रोड को बंद कर दिया गया है और सुबह से हजारों लोग भारी यातायात जाम में फंसे हैं। पुलिस ने हादसे के सिलसिले में अज्ञात लोगों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। यह 2013 के बाद से शहर में पुल ढहने की तीसरी घटना है।