बंगाल सरकार ने जल संरक्षण के लिए खर्च किए 2261 करोड़, बनवाए 2.5 लाख तालाब
वर्ष 2011 में पश्चिम बंगाल की सत्ता पर आरूढ़ होने के बाद राज्य सरकार ने पिछले सात सालों में जल धरो, जल भरो योजना के तहत 2.5 लाख तालाब बनाए हैं।
कोलकाता,जेएनएन। राज्य सरकार ने जल संरक्षण परियोजनाओं के तहत राज्य भर में सिंचाई और अन्य सुविधाओं को विकसित करने के लिए पिछले सात सालों में जल स्रोतों के विकास के लिए कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
गुरुवार को राज्य सिंचाई विभाग की ओर से इस बारे में एक बयान जारी किया गया है, जिसमें इसकी जानकारी दी गई है। इसमें बताया गया है कि वर्ष 2011 में पश्चिम बंगाल की सत्ता पर आरूढ़ होने के बाद राज्य सरकार ने पिछले सात सालों में ''जल धरो, जल भरो'' योजना के तहत 2.5 लाख तालाब बनाए हैं।
तालाबों का उपयोग कृषि और सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति के रूप में किया जाता है। इस बयान में यह भी बताया गया है कि राज्य के एक बड़े हिस्से में सिंचाई के बुनियादी ढांचे को फिर से जोड़ा जा रहा है।
बांकुड़ा, पुरुलिया, बीरभूम जिलों के लिए 500 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जबकि दामोदर क्षेत्र के लिए 2,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसका इस्तेमाल सिंचाई के विभिन्न स्रोतों को विकसित करने के लिए किया जाएगा। इसी तरह से दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर नहर का कायाकल्प किया जा रहा है।