बंगाल के बारुईपुर में 11 साल की बच्ची के साथ बर्बर रेप और हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर
बंगाल के बारुईपुर रेप और मर्डर केस का आरोपी प्रभास मंडल पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान उसने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की।

एनकाउंटर में ढेर हुआ रेप और मर्डर का आरोपी।
HighLights
बारुईपुर रेप और मर्डर केस का आरोपी प्रभास मंडल ढेर।
क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान पुलिस मुठभेड़ में मारा गया।
आरोपी ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की थी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के बारुईपुर रेप और मर्डर केस के आरोपी प्रभास मंडल पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो गया है। बंगाल पुलिस ने सोमवार को इस आरोपी को गिरफ्तार किया था।
बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद पहली बार दुष्कर्म के किसी आरोपित की पुलिस मुठभेड़ में मौत का मामला सामने आया है। बारुईपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार प्रभास मंडल की बुधवार देर रात अपराध स्थल के पुनर्निर्माण (क्राइम रिकंस्ट्रक्शन) के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में मौत हो गई।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के अनुसार, बारुईपुर थाना कांड संख्या 1350/26 की जांच के सिलसिले में बुधवार रात करीब 12:45 बजे जांच अधिकारी अपनी टीम के साथ प्रभास मंडल को सूर्यपुर स्थित घटनास्थल पर ले गए थे। वहां घटना का पुनर्निर्माण कराया जा रहा था।
पुलिस का दावा है कि इसी दौरान प्रभास मंडल ने एक पुलिसकर्मी की राइफल छीन ली और वहां से भागने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, उसने टीम की ओर एक राउंड फायरिंग भी की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें प्रभास मंडल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल बारुईपुर महकमा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि घटना को लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और मामले से संबंधित सभी तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मिले एक सीसीटीवी फुटेज में प्रभास मंडल को पीड़िता के साथ जाते हुए देखा गया था। इसी आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पीड़िता का बोरे में बंद शव बरामद किया था। जांच एजेंसियों का कहना है कि प्रभास से पूछताछ के बाद ही अन्य आरोपितों तक पहुंचने में सफलता मिली थी, हालांकि वह लगातार बयान बदलकर जांच को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था।
एक अन्य आरोपित कबीर मोल्ला गिरफ्तार
इस बीच पुलिस ने मामले में एक अन्य आरोपित कबीर मोल्ला को भी गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही दुष्कर्म और हत्या कांड में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर चार हो गई। बारुईपुर में पुलिस पर हमले के मामले में भी कार्रवाई जारी है। पुलिस ने अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों का कहना है कि हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
'आरोपितों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा'
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बारुईपुर की घटना के बाद कहा था कि आरोपितों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने घटनास्थल का दौरा कर पुलिस महानिदेशक को 72 घंटे के भीतर जांच में ठोस प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। साथ ही चेतावनी दी थी कि जांच में किसी भी स्तर पर पुलिस की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
