बारुईपुर दुष्कर्म हत्याकांड: मुख्यमंत्री ने पीड़िता के स्वजनों से की मुलाकात, डीजीपी से 72 घंटे में मांगी रिपोर्ट
बारुईपुर दुष्कर्म-हत्याकांड मामले में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पीड़िता के स्वजनों से मुलाकात की और हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
-1783423926383_m.webp)
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पीड़िता के स्वजनों से की मुलाकात (फोटो-पीटीआई)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। 11 वर्षीय नाबालिग लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर पहुंचकर वहां पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में पीड़िता के स्वजनों से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा देने के साथ वहां पुलिस अधिकारियों के साथ भी बैठक की और मामले की जांच की प्रगति की समीक्षा की।
राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सिद्धिनाथ गुप्ता भी बैठक में मौजूद रहे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने जांच के हर पहलू की समीक्षा की।
हालांकि, पीड़िता के परिवार से बातचीत का विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया। मुख्यमंत्री ने इस घटना के बाद हुई भीड़ हिंसा में मारे गए युवक के स्वजनों से भी मिलने की बात कही। मुख्यमंत्री ने पहले ही पीड़िता के परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। बैठक के बाद सोनारपुर दक्षिण की विधायक रूपा गांगुली ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी दोषी को बख्शा न जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आरोपितों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जो भविष्य में इस तरह के अपराध करने वालों के लिए नजीर बने।
इससे पहले विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
VIDEO | Baruipur rape-murder case: "Strict action will be taken if any official found guilty of negligence or delay in response; nobody will be spared," says West Bengal CM Suvendu Adhikari.
— Press Trust of India (@PTI_News) July 7, 2026
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/tGo7RCFqoo
विशेष जांच दल के सदस्यों के साथ भी बैठक की
बारुईपुर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने इस मामले में राज्य सचिवालय नवान्न में विशेष जांच दल (एसआइटी) के सदस्यों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ भी बैठक की और जांच की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा था कि राज्य सरकार आरोपितों के लिए मृत्युदंड की मांग करेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने रविवार को पीड़िता के पिता से फोन पर भी बातचीत कर हरसंभव सहायता व न्याय का भरोसा दिया था।
रविवार को यह घटना सामने आने के बाद से बारुईपुर में तनाव का माहौल है। लड़की शनिवार को अपनी एक सहेली के जन्मदिन के लिए उपहार खरीदने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
रविवार को उसका शव एक तालाब से बरामद किया गया, जिसके बाद वहां हिंसा भड़क उठी। गुस्साई भीड़ ने घटना में शामिल होने के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लड़की के सिर में चोट, यौन उत्पीड़न और डूबने के संकेत मिले हैं। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपित समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का मिलान कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
