राज्य ब्यूरो, कोलकाता। एक किशोरी को प्रेम जाल में फंसाकर 40 हजार रुपये में बेचने के आरोप में एक किशोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक यौन वर्कर और किशोरी के खरीदार को भी गिरफ्तार किया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपित ने किशोरी को कोलकाता के रेड लाइट एरिया सोनागाछी में बेच दिया था।
जानकारी के अनुसार, जैदुल नाम के व्यक्ति ने उसे खरीदा था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। सोनागाछी की महराना खातून उर्फ तान्या नामक यौन वर्कर को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपित ने फेसबुक के जरिए किशोरी को प्रेम जाल में फंसाया था और शादी का झांसा देकर उसे लेकर फरार हो गया था।
किशोरी की मां ने गत 31 जनवरी को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था। जांच के कुछ दिनों के भीतर मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने किशोरी को कोलकाता के धर्मतल्ला इलाके से छुड़ा लिया।
किशोरी ने बताया कि वह जिस लड़के के साथ भागी थी, उसने उसे एक व्यक्ति को बेच दिया था। पुलिस को पता चला है कि उसे हुगली जिले के आरामबाग इलाके के एक होटल में बेचा गया था। वहां उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।