'संस्थागत चोरों को जाना होगा जेल, ममता को भी हिस्सा देते थे इंद्रनील', सीएम शुभेंदु ने बोला हमला
राज्य के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन की गिरफ्तारी के बाद शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर दुर्गापूजा वीआइपी पास घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया।

शुभेंदु ने ममता बनर्जी पर घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया।
HighLights
शुभेंदु ने ममता बनर्जी पर घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया।
कहा, इंद्रनील सेन ममता को भी हिस्सेदारी देते थे।
जांच में और बड़े नामों के खुलासे का संकेत दिया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में दुर्गापूजा वीआइपी पास घोटाला मामले में राज्य के पूर्व मंत्री व गायक इंद्रनील सेन की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाते हुए निशाना साधा।
बुधवार शाम राज्य सचिवालय नवान्न में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि सेन के खिलाफ लंबे समय से जांच चल रही थी और ईडी तथा कोलकाता पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की है। उन्होंने दावा किया कि इस कथित भ्रष्टाचार में ममता बनर्जी की भी भूमिका रही है।
शुभेंदु ने कहा कि इंद्रनील सेन ने अकेले लाभ नहीं उठाया, बल्कि ममता बनर्जी को भी इसका फायदा मिला। यहां तक कहा कि सेन ममता को भी हिस्सा देते थे। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जांच एजेंसियों को पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
उन्होंने संकेत दिया कि जांच की आंच ममता तक पहुंचेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संस्थागत भ्रष्टाचार में शामिल चोरों को जेल जाना ही होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ममता बनर्जी के सबसे करीबी लोगों में इंद्रनील शामिल थे। वह उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं, जो ममता बनर्जी की गाड़ी में बैठते थे, साथ खाते और घूमते थे।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि ममता बनर्जी के साथ इंद्रनील सेन ने जुगलबंदी करते हुए कई गीत भी गाए थे। उन्होंने दावा किया कि इंद्रनील सेन की पत्नी के नाम पर संचालित एक कार्यक्रम प्रबंधन कंपनी के माध्यम से करोड़ों रुपये लिए गए। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों और कलाकारों से जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सेन पर गायकों के पारिश्रमिक से जुड़े लिफाफों से पैसे निकालने, पत्नी की इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के नाम पर सूचना संस्कृति विभाग से धन लेने और हुगली जिले के सिंगूर में फार्महाउस बनाने जैसे आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार बदलने के बाद सेन ने भाजपा की प्रशंसा शुरू की थी, लेकिन इससे उन्हें कोई राहत नहीं मिलने वाली थी।
शुभेंदु ने कहा कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई हुई है और भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को जेल जाना ही होगा। शुभेंदु ने यह भी आरोप लगाया कि सेन पहले वाममोर्चा सरकार के समय भी प्रभावशाली रहे और बाद में तृणमूल कांग्रेस की सरकार में भी उनकी स्थिति मजबूत बनी रही।
गाना गाकर भी कसा तंज
पत्रकारों से बातचीत के दौरान शुभेंदु ने इंद्रनील सेन के गायक होने का उल्लेख करते हुए उनके एक गीत की पंक्ति गाकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि मेरे जाने का समय हो गया है, मुझे विदाई दो।
