'चंद्रनाथ रथ की हत्या में किसने दी दो करोड़ की सुपारी', सीएम शुभेंदु ने जल्द खुलासे का किया दावा
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने पूर्व निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या में 2 करोड़ रुपये की सुपारी का दावा किया है, जिसका आरोप उन्होंने तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व पर लगाया।

शुभेंदु अधिकारी ने चंद्रनाथ रथ हत्या में 2 करोड़ सुपारी का दावा किया।
HighLights
शुभेंदु अधिकारी ने चंद्रनाथ रथ हत्या में 2 करोड़ सुपारी का दावा किया।
तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व पर लगाया आरोप, सीबीआई जांच जारी है।
कैमक स्ट्रीट, कालीघाट, डायमंड हार्बर से संबंध होने का संकेत।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने पूर्व निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर बुधवार को तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व की ओर इशारा करते हुए बड़ा दावा किया।
नंदीग्राम व रेजीनगर उपचुनाव में नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों हासिरानी रथ और शखारभ सरकार के विधानसभा में शपथ ग्रहण के बाद सदन में बोलते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि चंद्रनाथ की हत्या के लिए दो करोड़ रुपये की सुपारी किसने दी थी? उन्होंने कहा कि क्या यह रकम कैमक स्ट्रीट से आई थी, कालीघाट से या डायमंड हार्बर से?
मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि दो करोड़ की सुपारी किसने दी थी, इसका जल्द खुलासा होगा। शुभेंदु ने दावा किया कि उनके साथ काम करने के कारण चंद्रनाथ की हत्या की गई।
बंगाल में इस साल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के दो दिन बाद चंद्रनाथ रथ की छह मई को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
यह घटना राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के दो दिन बाद ही सामने आई थी। मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि इस मामले की जांच कर रही सीबीआई ने शूटरों और सुपारी लेकर हत्या करने वालों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने कहा कि अब कथित तौर पर दो करोड़ रुपये की सुपारी देने वाले की पहचान करना बाकी है। इसकी जांच की जरूरत है। हालांकि, रकम के स्रोत और हत्या की साजिश रचने वालों की पहचान की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
कैमक स्ट्रीट और डायमंड हार्बर का उल्लेख कर अभिषेक बनर्जी की ओर इशारा
मुख्यमंत्री के बयान में कैमक स्ट्रीट, कालीघाट और डायमंड हार्बर का उल्लेख राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। कैमक स्ट्रीट को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी के कार्यालय से जोड़ा जाता है।
वहीं, कालीघाट ममता बनर्जी का निवास क्षेत्र है और डायमंड हार्बर अभिषेक बनर्जी का लोकसभा क्षेत्र है। शुभेंदु ने इन स्थानों का नाम लेकर कथित सुपारी की रकम के स्रोत पर सवाल उठाए। हालांकि, इन स्थानों से हत्या के लिए रकम दिए जाने का आरोप अभी जांच में साबित होना बाकी है।
