सीएम शुभेंदु ने पार्टी नेताओं को चेताया, 'नंदीग्राम में एक और जहाज घर न बने’
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में अपनी पार्टी के नेताओं को भ्रष्टाचार और अहंकार से बचने की चेतावनी दी। उन्होंने ...और पढ़ें

नंदीग्राम में एक और जहाज घर न बने।
HighLights
शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम नेताओं को चेताया।
'जहाज घर' जैसी स्थिति न दोहराने की हिदायत।
भ्रष्टाचार और अहंकार से दूर रहने की नसीहत।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को नंदीग्राम में अपनी पार्टी के नेताओं और पंचायत सदस्यों को चेतावनी दी कि वे ऐसा कोई काम न करें, जिससे इलाके में एक और ‘जहाज घर’ बनने की चर्चा शुरू हो जाए।
उन्होंने नेताओं को अहंकार और घमंड छोड़कर आम लोगों के साथ मिलकर काम करने की नसीहत दी। इसे तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के चुनावी एजेंट रहे शेख सूफियान के आलीशान मकान के संदर्भ में देखा जा रहा है, जिसे जहाज के आकार में बनाया गया है।
दुर्गा पूजा से पहले नंदीग्राम के रेयापाड़ा में आयोजित एक शारदीय कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों के बीच पूजा उपहार वितरित किए। उपचुनाव में नंदीग्राम सीट पर भाजपा की जीत के बाद यह उनका क्षेत्र का पहला दौरा था।
पंचायत सदस्यों को दी नसीहत
शुभेंदु ने कहा कि पंचायत सदस्यों को आम लोगों को साथ लेकर चलना चाहिए। उन्होंने आगाह किया कि किसी के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए, जिससे लोगों को यह कहने का मौका मिले कि इलाके में फिर से एक और जहाज घर बन गया है।
उनके इस बयान को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को कथित वसूली तथा भ्रष्टाचार से दूर रहने का परोक्ष संदेश माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह आजीवन नंदीग्राम के मतदाता बने रहेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उपचुनाव में नंदीग्राम से नवनिर्वाचित विधायक हासीरानी रथ लोगों की सेविका के रूप में काम करेंगी और चुनाव के दौरान किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
सूफियान के मकान को लेकर रहे हैं विवाद
बताते चलें कि नंदीग्राम में शेख सूफियान के भव्य मकान को स्थानीय स्तर पर ‘जहाज घर’ के नाम से जाना जाता है। भाजपा का आरोप है कि यह मकान तृणमूल शासन के दौरान कथित वसूली से जुटाए गए धन से बनाया गया है। भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के सिलसिले में सीआईडी कई बार इस मकान पर पहुंची थी।
