CM शुभेंदु का माकपा नेता को 24 घंटे का अल्टीमेटम, हिंदुत्ववादी उपद्रवी वाला पोस्ट नहीं हटाने पर होगी कानूनी कार्रवाई
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने माकपा नेता विकास रंजन भट्टाचार्य को 'हिंदुत्ववादी उपद्रवी' वाली टिप्पणी हटाने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
-1791553764538_m.webp)
शुभेंदु अधिकारी ने माकपा नेता को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने वरिष्ठ माकपा नेता और राज्यसभा के पूर्व सदस्य विकास रंजन भट्टाचार्य द्वारा इंटरनेट मीडिया पर की गई हिंदुत्ववादी उपद्रवी वाली टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे हटाने या संशोधित करने के लिए शुक्रवार को उन्हें 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
भट्टाचार्य ने अपने घर पर हुए हमले के लिए कथित तौर पर हिंदुत्ववादी उपद्रवियों को जिम्मेदार ठहराया था। मुख्यमंत्री ने राज्य सचिवालय नवान्न में पत्रकारों से बातचीत में चेतावनी दी कि निर्धारित समय में पोस्ट नहीं हटाने या संशोधित नहीं करने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
'हिंदुत्ववादी उपद्रवी' टिप्पणी हटाने को कहा
शुभेंदु ने सवाल उठाया कि हमले के पीछे कौन था, इसकी जानकारी हुए बिना भट्टाचार्य ने हिंदुत्व समर्थकों को जिम्मेदार कैसे ठहरा दिया। मुख्यमंत्री ने भट्टाचार्य की टिप्पणी को पूरे हिंदू समुदाय का अपमान बताया।
उन्होंने कहा कि माकपा नेता के घर पर हमले मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। घटना की जांच जारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी
वरिष्ठ अधिवक्ता भट्टाचार्य ने आरोप लगाया था कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे दक्षिण कोलकाता के कालिकापुर स्थित उनके आवास पर मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश युवकों ने हमला किया।
उन्होंने खिड़कियों पर शराब की बोतलें फेंकने, शीशे तोड़ने और सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया था। उनके अनुसार, इस दौरान घरेलू सहायक बाल-बाल बच गया। घटना को लेकर उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
इस बीच, भट्टाचार्य की इंटरनेट मीडिया पर की गई टिप्पणियों के संबंध में तपसिया और गरफा थानों में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- 'मतांतरण कराने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई', मालदा में बोले CM शुभेंदु
