Nandigram By-election: मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ऑटो से पहुंचकर डाला वोट, कहा- सांसों के रहने तक नंदीग्राम का ही रहूंगा मतदाता
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत मतदान शुरू हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने वोट डाला ...और पढ़ें

राज्य के मुख्यमंत्री व भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम स्थित नंदनायकबर प्राथमिक विद्यालय में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
HighLights
शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम उपचुनाव में मतदान किया।
उन्होंने नंदीग्राम से आजीवन जुड़े रहने का संकल्प दोहराया।
उपचुनाव के दौरान कुछ इलाकों में हिंसा की शिकायतें मिलीं।
जासं, खड़गपुर। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के तहत मंगलवार को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया।
इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री व भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम स्थित नंदनायकबर प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 79 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मुख्यमंत्री बनने और राज्य के प्रशासनिक प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद यह पहला मौका है जब उन्होंने इस केंद्र पर मतदान किया है।
जीत के रिकॉर्ड को लेकर दिखे आश्वस्त

हर बार की तरह इस बार भी Suvendu adhikari साधारण अंदाज में ऑटो रिक्शा से वोट डालने पहुंचे और मतदान केंद्र के बाहर पैदल चलकर बूथ में प्रवेश किया।
मतदान के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि समय के नियमों के अनुसार बदलाव निश्चित है, लेकिन मेरा नंदीग्राम की जनता से गहरा भावनात्मक रिश्ता है।
उन्होंने कहा कि मेरा वादा है कि जीवन के अंतिम क्षण तक मेरा नाम नंदनायकबर की मतदाता सूची में ही रहेगा। 2016 के चुनावों में मिली 82,000 वोटों की जीत का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस बार जनता रिकॉर्ड वोटों से जीत दिलाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राज्य सरकार की नीतियों पर पुनः भरोसा जताएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नियमानुसार वे दो सीटों से विधायक नहीं रह सकते, इसलिए उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखी है, किंतु नंदीग्राम के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव बनी रहेगी।
सीपीआई एजेंट पर हमले का आरोप
चुनाव प्रक्रिया के दौरान नंदीग्राम के कुछ इलाकों से तनाव और छिटपुट हिंसा की शिकायतें दर्ज की गईं। नंदीग्राम-1 ब्लॉक के कांग्रेस अध्यक्ष शेख असफुल तुल्ला को इलाके में अशांति फैलाने के आरोप में पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन्हें नंदीग्राम थाने में रखा गया है।
दूसरी ओर, सरबेरिया स्थित बूथ संख्या 212 पर पूर्व सीपीआई विधायक इलियास मोहम्मद के बेटे व पार्टी के चुनाव एजेंट शेख सद्दाम हुसैन के साथ मारपीट की घटना सामने आई।
सद्दाम ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है, जिसके बाद उन्हें नंदीग्राम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विपक्षी प्रत्याशियों ने लगाए आरोप
कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने आरोप लगाया कि कई बूथों पर उनकी पार्टी के पोलिंग एजेंटों को प्रवेश करने से रोका गया और रातभर मतदाताओं को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। उन्होंने इस संबंध में चुनाव आयोग के कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराई है।
वहीं, नंदीग्राम से भाजपा प्रत्याशी हसिरानी रथ ने मतदान से पूर्व रायपारा शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की और क्षेत्र में शांतिपूर्ण व उत्सवी माहौल में मतदान होने का दावा किया।
पूर्वी मेदिनीपुर के पुलिस अधीक्षक अंशुमन साहा ने बताया कि क्षेत्र में उपद्रव की खबर नहीं है और मतदान सामान्य रूप से चल रहा है।
सीपीआई एजेंट से मारपीट की शिकायत पर तुरंत पुलिस बल भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती तौर पर कुछ गिरफ्तारियां और हिरासत की कार्रवाई आवश्यक थी।
