'तृणमूल सरकार ने केवल मुस्लिमों को माना अल्पसंख्यक', बोले CM शुभेंदु
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार पर धार्मिक अल्पसंख्यकों के प्रति भेदभाव का आरोप लगाया।

शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल पर अल्पसंख्यक भेदभाव का आरोप लगाया
HighLights
शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल पर अल्पसंख्यक भेदभाव का आरोप लगाया
कहा, पिछली सरकार ने केवल मुस्लिमों को अल्पसंख्यक माना
सिख, बौद्ध, जैन भी धार्मिक अल्पसंख्यक हैं
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर धार्मिक अल्पसंख्यकों को लेकर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने वोट बैंक के लिए केवल मुस्लिम समुदाय को ही अल्पसंख्यक माना, जबकि सिख, बौद्ध और जैन समुदाय भी धार्मिक अल्पसंख्यक हैं।
पिछली सरकार ने सिर्फ मुस्लिमों को अल्पसंख्यक माना: CM
मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्पसंख्यक का अर्थ किसी एक विशेष समुदाय से नहीं है। शुभेंदु रविवार को कोलकाता के प्रमुख कारोबारी केंद्र बड़ाबाजार स्थित गुरुद्वारा बड़ा सिख संगत पहुंचे।
यहां उन्होंने सिख समुदाय के लोगों से मुलाकात की और उनके धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद वह इलाके में आयोजित सिख समुदाय की शोभायात्रा में भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सिख समुदाय के लोगों को शुभकामनाएं दीं।
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख, बौद्ध और जैन भी धार्मिक अल्पसंख्यक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली तृणमूल सरकार ने केवल मुस्लिमों को अल्पसंख्यक के रूप में देखा। मुख्यमंत्री ने सिख समुदाय की देशभक्ति की सराहना करते हुए कहा कि सिख सबसे सच्चे देशभक्त हैं।
तुष्टीकरण को लेकर पहले भी उठाते रहे हैं सवाल
बताते चलें कि शुभेंदु इससे पहले भी ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार पर मुस्लिम समुदाय के तुष्टीकरण का आरोप लगाते रहे हैं। उनका आरोप रहा है कि चुनावी समर्थन हासिल करने के लिए तत्कालीन सरकार ने एक विशेष समुदाय को प्राथमिकता दी।