19 साल पुराने नंदीग्राम मामले की फिर खुलेगी फाइल, दोषियों पर कार्रवाई का CM शुभेंदु ने किया एलान
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 19 साल पुराने नंदीग्राम मामले की फाइल फिर से खोलने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम मामले की फाइल खोली
HighLights
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम मामले की फाइल खोली
19 साल पुराने 'आपरेशन सूर्योदय' की नए सिरे से जांच होगी
दोषियों पर कानूनी कार्रवाई का एलान, न्याय दिलाने का वादा
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अब 19 साल पुराने नंदीग्राम कांड की फाइल फिर खोलने का एलान किया है।
मंगलवार को नंदीग्राम दिवस पर पूर्व मेदिनीपुर के गोकुलनगर में आयोजित सभा से उन्होंने साफ किया कि 10 नवंबर 2007 के 'आपरेशन सूर्योदय' और उस दौरान हुई हिंसा से जुड़े मामलों में नए सिरे से प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि तत्कालीन वाम शासन के दौरान हुई कथित हिंसा और हत्याओं की जांच को नए सिरे से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने गोघाट के अभय घोष, तालडांगरा के मनोरंजन पात्र, गड़बेता के तपन घोष और खेजुरी के हिमांशु दास के नाम लेते हुए इनके खिलाफ नए सिरे से कानूनी कार्रवाई की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सीआइडी जांच हुई थी, पूर्व सांसद लक्ष्मण सेठ को 181 दिन जेल में भी रहना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद मामले की न्यायिक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई और दोषियों को सजा नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इस प्रकरण को अधूरा नहीं छोड़ेगी। नंदीग्राम आंदोलन में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि इस संघर्ष में कुल 41 लोगों ने जान गंवाई थी।
11 लोगों की हत्या और शव समुद्र में फेंकने का आरोप
2007 की घटना का उल्लेख करते हुए शुभेंदु ने आरोप लगाया कि 11 लोगों को पकड़कर पहले बारातला ग्राम पंचायत कार्यालय में रखा गया था।
इसके बाद उन्हें कामारदा ले जाकर कथित रूप से माकपा के पार्टी कार्यालय में टुकड़े-टुकड़े कर दिया गया और अगले दिन उनके अवशेष बोरों में भरकर गहरे समुद्र में फेंक दिए गए। उ
न्होंने कहा कि इन 11 लोगों के शव आज तक नहीं मिले हैं। मुख्यमंत्री ने श्यामली मन्ना और रेजाउल करीम सहित आंदोलन के दौरान जान गंवाने वालों को याद किया।
उन्होंने यह भी कहा कि गोली लगने के बाद कुछ लोगों को कंसाई पुल की ओर ले जाया जा रहा था। उस समय स्थानीय लोगों ने कुछ आरोपितों को पकड़ भी लिया था।
बुद्धदेव की ईमानदारी की प्रशंसा की
मुख्यमंत्री ने तत्कालीन मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के चर्चित बयान 'दे हैव बीन पेड बैक बाई देयर ओन काइंड' का भी उल्लेख किया।
हालांकि, उन्होंने बुद्धदेव के व्यक्तिगत जीवन की ईमानदारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि व्यक्ति के तौर पर वह ईमानदार थे, लेकिन उनकी पार्टी गलत थी। उन्होंने तत्कालीन वाम नेता विमान बोस के नंदीग्राम में नया सूरज उगने संबंधी बयान का भी जिक्र किया।
ममता पर भी निशाना, पीड़ित परिवारों के लिए सहायता का दावा
शुभेंदु ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी नंदीग्राम के पीड़ित परिवारों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 15 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद तृणमूल सरकार ने पीड़ित परिवारों को मृत्यु प्रमाणपत्र तक उपलब्ध नहीं कराया।
उनके अनुसार, उन्होंने हाई कोर्ट में मामला लड़कर यह काम कराया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले दो-तीन महीनों में नौ लोगों को नौकरी दिलाई गई है और राज्य सरकार की ओर से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता की व्यवस्था भी की गई है।
100 वर्षों तक तृणमूल को सत्ता में नहीं आने देंगे
सभा में उन्होंने तृणमूल पर तीखा राजनीतिक हमला करते हुए कहा कि 2026 में सत्ता में लौटने का उनका पिछला दावा पूरा हुआ है और अगले 100 वर्षों तक तृणमूल को सत्ता में नहीं आने देंगे। उन्होंने कहा कि नंदीग्राम के लोगों के साथ वह पहले भी थे और आज भी हैं।
इस दौरान उन्होंने इलाके में आम लोगों को डराने-धमकाने और पुतुआपाड़ा के मूर्तिकारों को प्रतिमा बेचने से रोकने की शिकायतों का भी उल्लेख किया। उन्होंने चेतावनी दी कि आम लोगों को परेशान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कैनिंग पश्चिम के गिरफ्तार तृणमूल विधायक परेशराम दास को भी माफिया बताते हुए उन पर सिंचाई विभाग की जमीन पर कब्जा करने और एनजीओ बनाने के आरोप लगाए।
उन्होंने दावा किया कि दुष्कर्म के एक मामले में साजिश के आरोपित विधायक के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी था और मुंबई भागने की कोशिश के दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।