विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'खत्म हुआ भय का माहौल, अब बदल रहा बंगाल', उद्योगपतियों के सामने CM शुभेंदु ने गिनाए निवेश के बड़े प्रस्ताव

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:48 PM (IST)

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उद्योगपतियों को बंगाल में निवेश के लिए आमंत्रित किया, दावा किया कि सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य में भय का माहौल खत्म हुआ है। 

CM शुभेंदु ने उद्योगपतियों को दिया निवेश का न्योता (फाइल फोटो- ANI)

CM शुभेंदु ने उद्योगपतियों को दिया निवेश का न्योता (फाइल फोटो- ANI)

HighLights

  1. CM शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल में निवेश के लिए उद्योगपतियों को आमंत्रित किया।

  2. सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य में भय का माहौल खत्म होने का दावा।

  3. अंबानी, अदाणी जैसे बड़े समूहों के निवेश का दावा किया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल बदल रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने यही संदेश देते हुए निवेशकों का भरोसा जीतने की कोशिश की।
पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए शुभेंदु ने दावा किया बंगाल में मई में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद उनकी सरकार के छह महीने के कार्यकाल में राज्य में फैला भय का माहौल खत्म हुआ है।

उन्होंने उद्योग जगत को भरोसा दिलाया कि सरकार निवेश की राह में आने वाली बाधाओं को दूर करने और राज्य में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

एक प्रमुख अंग्रेजी आर्थिक समाचार पत्र द्वारा कोलकाता में आयोजित बंगाल एसेंड्स सम्मेलन में 250 से अधिक उद्योगपतियों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और उद्यमियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा अभी मेरे कामकाज का प्रमाणपत्र मत दीजिए। दो-तीन साल बाद मेरा प्रदर्शन देखिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह रोजाना उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से बात कर निवेश संबंधी समस्याओं को समझते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार निवेशकों को बड़े भूखंड उपलब्ध कराने में मदद करेगी और ब्लाक स्तर पर भ्रष्टाचार खत्म करने की दिशा में काम करेगी।

अंबानी, अदाणी और जिंदल के निवेश का दावा

शुभेंदु ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद मुकेश अंबानी, अदाणी समूह, अनिल अग्रवाल और सज्जन जिंदल सहित कई उद्योगपति बंगाल में निवेश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, वेदांता समूह के प्रमुख अनिल अग्रवाल ने दो सप्ताह पहले उनसे मुलाकात कर सरकार बदलने के बाद राज्य में निवेश की इच्छा जताई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मंगलवार सुबह अशोक लीलैंड के मालिक से बात की, जो सिंगुर में वाणिज्यिक वाहन संयंत्र स्थापित करना चाहते हैं। अनंत अंबानी ने नदिया जिले के हरिणघाटा औद्योगिक पार्क से जुड़े कुछ मुद्दों पर उनसे संपर्क किया है, जिन्हें सुलझाया जा रहा है।

जमीन जुटाने के लिए दूसरे राज्यों के माडल पर विचार

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने उद्योगों को देने का वादा किए गए 50 हजार करोड़ रुपये के प्रोत्साहन का भुगतान नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश सहित भाजपा-राजग शासित राज्यों की नीतियों और अच्छे तरीकों का अध्ययन कर रही है।

शुभेंदु के अनुसार, छोटे भू-स्वामियों से सीधे 100-200 एकड़ जमीन हासिल करना उद्योगों के लिए आसान नहीं है, इसलिए उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों के जमीन जुटाने के माडल पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल्द गरिया- एयरपोर्ट मेट्रो लिंक का उद्घाटन कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, गुरुवार को केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बंगाल में 60 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और 20 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

अधिकारी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य औद्योगीकरण, रोजगार सृजन, पारदर्शी भर्ती, बेहतर प्रशासन, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, अवैध घुसपैठ पर रोक तथा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारना है।

उन्होंने किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और सुंदरबन, दार्जिलिंग, डुआर्स, दीघा, मंदारमणि तथा पुरुलिया को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की बात भी कही।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।