विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंत्रियों के बेतरतीब बयान पर शुभेंदु ने लगाई लगाम, सरकार की बात अब तीन मंत्री ही रखेंगे

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:46 PM (IST)

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंत्रियों के सार्वजनिक बयानों पर नई नीति लागू की है, जिसके तहत अब केवल तीन मंत्री ही सरकार और प्रशासन के मुद्दों पर आधिकारिक रूप से मीडिया से बात करेंगे। 

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंत्रियों के बयानों पर लगाई रोक (फाइल फोटो)

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंत्रियों के बयानों पर लगाई रोक (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंत्रियों के बयानों पर लगाई रोक

  2. केवल तीन मंत्री ही सरकार का आधिकारिक पक्ष रखेंगे मीडिया में

  3. अन्य मंत्री सिर्फ अपने विभाग की जानकारी दे सकेंगे सार्वजनिक रूप से

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की भाजपा सरकार में अब मंत्री सरकार और प्रशासन के हर मुद्दे पर अपनी मर्जी से सार्वजनिक बयान नहीं दे सकेंगे। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंत्रियों के मीडिया में बयान देने को लेकर नई व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है।

इसके तहत अब राज्य सरकार और प्रशासन के समग्र कामकाज पर केवल तीन मंत्री ही आधिकारिक तौर पर सरकार का पक्ष रखेंगे। मुख्यमंत्री ने सोमवार को नवान्न में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उद्योग मंत्री तापस राय और स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन राज्य सरकार की ओर से बांग्ला और अंग्रेजी मीडिया से बातचीत करेंगे, जबकि हिंदी मीडिया के सामने सरकार का पक्ष रखने की जिम्मेदारी राज्यमंत्री उमेश राय को दी गई है।

अन्य मंत्री अपने-अपने विभागों के कामकाज और उससे जुड़ी योजनाओं के बारे में ही मीडिया को जानकारी दे सकेंगे। उन्हें सरकार और प्रशासन के व्यापक मुद्दों पर टिप्पणी करने की अनुमति नहीं होगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, तापस राय और दीपक बर्मन सरकार के समग्र कामकाज से जुड़े सवालों पर मीडिया को जानकारी देंगे। वहीं, हिंदी भाषी मीडिया तक सरकार का पक्ष पहुंचाने की जिम्मेदारी उमेश राय संभालेंगे।

हालांकि, संबंधित विभागों के मंत्री अपने विभाग की योजनाओं, फैसलों और उपलब्धियों के बारे में पहले की तरह बयान दे सकेंगे। इस व्यवस्था में क्षेत्रीय और संगठनात्मक संतुलन का भी ध्यान रखा गया है।

तापस राय दक्षिण बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि दीपक बर्मन उत्तर बंगाल से आते हैं। मुख्यमंत्री का यह फैसला प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य की नाराजगी के तीन दिन बाद आया है।

हाल में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर प्रस्तावित 'सेवादूत' कार्यक्रम को लेकर आयोजित बैठक में शमिक ने कुछ मंत्रियों के मीडिया में जरूरत से ज्यादा बयान देने पर आपत्ति जताई थी।

बैठक में उन्होंने कहा था कि सरकार की ओर से आधिकारिक बयान देने की जिम्मेदारी कुछ चुनिंदा लोगों को दी जानी चाहिए, ताकि हर मंत्री हर मुद्दे पर अपनी बात न रखे। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री से बात करने की भी बात कही थी।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बंगाल के प्रभारी सुनील बंसल भी मौजूद थे। इसके बाद शुक्रवार रात भाजपा की कोर कमेटी की बैठक हुई थी।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, इसी दौरान शुभेंदु अधिकारी, शमीक भट्टाचार्य और सुनील बंसल के बीच इस विषय पर चर्चा हुई थी। अब मुख्यमंत्री की घोषणा के साथ सरकार के मीडिया संवाद की जिम्मेदारी औपचारिक रूप से तीन मंत्रियों के बीच बांट दी गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।