बंगाल: अभिषेक के जन्मदिन पर रास्ता बंद होने से मूर्तिकारों को नुकसान, शुभेंदु अधिकारी ने अपनी तनख्वाह से दिया मुआवजा
शुभेंदु अधिकारी ने अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन पर कालीघाट में सड़क बंद होने से हुए नुकसान के लिए 80 मूर्तिकारों को अपनी तनख्वाह से 7-7 हजार रुपये की सहायता दी।

शुभेंदु अधिकारी ने मूर्तिकारों को मुआवजा दिया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। ममता तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन पर कालीघाट की सड़क बंद रहने से मूर्तिकारों को हुए आर्थिक नुकसान का मुद्दा मंगलवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर की सभा में उठाया। उन्होंने अपनी तनख्वाह से 80 मूर्तिकारों को सात-सात हजार रुपये की सहायता दी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, अभिषेक के जन्मदिन पर समर्थकों की भीड़ के कारण कालीघाट की सड़क बंद थी। इससे कालीपूजा से पहले मूर्तियां ले जाने में मूर्तिकारों को परेशानी हुई और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सड़क बंद रहने के कारण मूर्तिकारों को प्रति व्यक्ति करीब 40 से 50 हजार रुपये तक का नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि अपनी तनख्वाह से जितनी संभव थी, उतनी सहायता की है। 80 मूर्तिकारों को कुल 5.60 लाख रुपये दिए गए।
VIP संस्कृति के खिलाफ भी मुखर हुए मुख्यमंत्री
सभा में शुभेंदु अधिकारी ने वीआइपी संस्कृति पर भी निशाना साधा। उनका आरोप था कि कुछ लोगों के राजनीतिक प्रभाव और जन्मदिन के आयोजन के कारण स्थानीय कारीगरों को अपनी आजीविका का नुकसान उठाना पड़ा।
उन्होंने अभिषेक बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए उन्हें 'वसूलीबाज भतीजा' और ममता बनर्जी को 'प्रसिद्ध बुआ' कहा। मुख्यमंत्री ने इसे आम लोगों और छोटे कारोबारियों के हितों के खिलाफ बताया।