केंद्र-राज्य सरकार पर बरसे सूर्यकांत और सलीम
- ममता पर विरोध के नाम पर नाटक करने का लगाया आरोप - कहा जाति-धर्म के नाम पर देश व राज्य क
- ममता पर विरोध के नाम पर नाटक करने का लगाया आरोप
- कहा, जाति-धर्म के नाम पर देश व राज्य को बांटना चाहती है मोदी सरकार
जागरण संवाददाता, कोलकाता : नागरिकता संशोधन कानून, राष्ट्रीय नागरिक पंजी और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के विरोध में माकपा जिला कमेटी के आह्वान पर कोलकाता के शहीद मीनार मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राज्य माकपा सचिव सूर्यकांत मिश्रा ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सोची समझी रणनीति के तहत इस देश को जाति-धर्म के आधार पर बांटना चाहती है, ताकि उन्हें आगामी चुनावों में इसका सियासी लाभ हासिल हो सके। लेकिन आज इस कानून के विरोध में राज्य ही नहीं, बल्कि देश भर के लोग सड़क पर उतर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि माकपा कभी समझौते की सियासत में विश्वास नहीं करती है। हम लोगों के अधिकारों की रक्षा को लड़ते हैं। इसलिए किसी को भी राज्य में जाति-धर्म के आधार पर भेदभाव की सियासत नहीं करने देंगे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर राज्य के लोगों को बरगलाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि एक ओर ममता इसका विरोध करती हैं और दूसरी प्रधानमंत्री संग मंच साझा करती हैं। यहां तक की वामो श्रमिक संगठनों के आह्वान पर सीएए-एनआरसी के विरोध में भारत बंद को विफल करने में भी मुख्यमंत्री ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी। वामो कार्यकर्ताओं और समर्थकों को झूठे आरोपों में फंसाया गया। खैर, आज बंगाल के लोग यह समझ गए हैं कि भाजपा और तृणमूल में कोई अंतर नहीं है। ये दोनों ही पार्टियां केवल व केवल वोट बैंक की सियासत करती हैं। वहीं वरिष्ठ माकपा नेता व पूर्व सांसद मो. सलीम ने केंद्र की मोदी सरकार पर धर्म के नाम पर हिंसा की सियासत करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस देश में रहने वाला हर नागरिक भारतीय है। लेकिन केंद्र की मोदी सरकार एक समुदाय विशेष को निशाना बना रही है। जिसके खिलाफ हमे एकजुट हो लड़ने की जरूरत है। वहीं राज्य की ममता सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल सियासी नफा-नुकसान को नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिक पंजी का विरोध कर रही है। इधर, कोलकाता नगर निगम में रिक्त पड़े पदों पर तत्काल नियुक्तियों की मांग करते हुए कहा कि अगर तत्काल नियुक्तियां नहीं की गई तो आगे हम आंदोलन को सड़क पर उतरेंगे। इस नागरिकता संशोधन कानून, राष्ट्रीय नागरिक पंजी और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के विरोध में आयोजित सभा की अध्यक्षता माकपा के कोलकाता जिला सचिव कल्लोल मजुमदार ने किया।