विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाई कोर्ट से झटके के बाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंचे अभिषेक के पीए सुमित रॉय, चार मामलों में गिरफ्तारी से चाहते हैं सुरक्षा

Published: Sun, 29 Nov 2026 04:54 PM (IST)

अभिषेक बनर्जी के निजी सचिव सुमित राय ने चार आपराधिक मामलों में गिरफ्तारी से राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है।

हाई कोर्ट से झटके के बाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचे सुमित रॉय (फाइल फोटो)

हाई कोर्ट से झटके के बाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचे सुमित रॉय (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सुमित राय ने सुप्रीम कोर्ट में गिरफ्तारी से सुरक्षा मांगी।

  2. कलकत्ता हाई कोर्ट ने पहले उनकी याचिका खारिज कर दी थी।

  3. चार आपराधिक मामलों में राहत की गुहार लगाई गई।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी के निजी सचिव सुमित रॉय ने चार आपराधिक मामलों में गिरफ्तारी से राहत और पुलिस की कठोर कार्रवाई से सुरक्षा की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

कलकत्ता हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने शीर्ष अदालत में याचिका दायर की है। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका स्वीकार कर ली है। अगले सप्ताह मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की पीठ में सुनवाई होने की संभावना है।

सुमित को पिछले सितंबर में पश्चिम मेदिनीपुर के जमीन घोटाले के एक मामले में सीआइडी ने गिरफ्तार किया था। उन पर सरकारी जमीन का चरित्र बदलकर उसे बेचने का आरोप है। शालबनी थाने में दर्ज इस मामले में वह फिलहाल जेल हिरासत में हैं।

इसके अलावा शालबनी, गड़बेता, कालीतला और डायमंड हार्बर थानों में भी उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हैं। सुमित ने इन मामलों में जांच प्रक्रिया पर रोक लगाने और गिरफ्तारी समेत कठोर कार्रवाई से सुरक्षा देने की मांग की है।

हाई कोर्ट ने नहीं दी थी राहत

गत 19 नवंबर को न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने सुमित की याचिका खारिज करते हुए कहा था कि कोई भी आरोपित सभी मामलों में एक साथ सुरक्षा की मांग नहीं कर सकता। गिरफ्तारी की आशंका होने पर अग्रिम जमानत जैसे कानूनी विकल्प उपलब्ध हैं।

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि जांच के बीच हस्तक्षेप करना उचित नहीं है और किसी व्यक्ति को गिरफ्तारी या कठोर कार्रवाई से बार-बार संरक्षण नहीं दिया जा सकता। सुप्रीम कोर्ट में सुमित का तर्क है कि वर्ष 2026 से पहले उनके खिलाफ कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी और राजनीतिक उद्देश्य से मामले दर्ज किए गए हैं।

वहीं, शिकायतकर्ताओं का दावा है कि संबंधित घटनाएं पहले की हैं, लेकिन उस समय पुलिस शिकायतें दर्ज नहीं करती थी। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद शिकायतों पर कार्रवाई शुरू हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।