किराए पर टोटो चलानेवालों के खिलाफ सख्ती
टोटो के कारण हर इलाके में जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
दुर्गापुर : टोटो के कारण हर इलाके में जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। टोटो की संख्या में नियंत्रण के लिए कटवा नगरपालिका और पुलिस की ओर से अभियान शुरू किया गया है। जिसके तहत किराए पर टोटो चलानेवालों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है एवं नगरपालिका की ओर से दी गई अनुमति रद की जा रही है।
कटवा नगरपालिका इलाके में 366 टोटो को अनुमति दी गई है। लेकिन शहर में ग्रामीण इलाकों के टोटो भी पहुंच जाते है। रविवार को पुलिस की ओर से टोटो का जांच अभियान चलाया गया। जिसमें 55 टोटो ऐसा मिला, जिसे मालिक किसी और को किराया पर दिया है।
इनके खिलाफ पुलिस व नगरपालिका की ओर से कार्रवाई की जाएगी। नगरपालिका चेयरमैन रवींद्रनाथ चटर्जी ने कहा कि टोटो मालिक ही टोटो को चला सकते हैं, अगर कोई व्यक्ति टोटो खरीदकर दूसरे व्यक्ति को किराए पर देता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। नगरपालिका की ओर से टोटो परिचालन की दी गई अनुमति को रद किया जाएगा। टोटो की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए ऐसा प्रयास शुरू किया गया है।