Citizenship Amendment Act: सीएए पर तृणमूल की भ्रामक सूचनाओं के जवाब में व्यापक अभियान चलाएगी भाजपा
Citizenship Amendment Act भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हम सीएए के मुद्दे पर लोगों तक पहुंचने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। Citizenship Amendment Act: भाजपा ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस द्वारा 'भ्रामक सूचनाएं फैलाने वाले कार्यक्रमों' का जवाब देने और शरणार्थियों से संवाद करने के लिए बंगाल में व्यापक अभियान चलाने का निर्णय किया है। प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने उम्मीद जताई थी कि राज्य में 2021 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नया नागरिकता कानून उसका 'राजनीतिक तुरुप का पत्ता' होगा, लेकिन मौजूदा समय में तृणमूल कांग्रेस, अन्य विपक्षी दलों, नागरिक संस्थाओं, छात्रों तथा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा सीएए के खिलाफ आक्रामक अभियान चलाने से भगवा पार्टी बैकफुट पर आ गई है। नए कानून के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान शुरू करने के अलावा मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में में छह जुलूसों एवं तीन सभाओं में हिस्सा लिया। दूसरी तरफ, भाजपा ने इसके जवाब में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में महानगर में एक जुलूस आयोजित किया। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने सभाएं की।
प्रदेश भाजपा सूत्रों के मुताबिक, नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ भ्रामक सूचनाओं और लोगों के बीच डर को दूर करने के लिए राज्यस्तर पर कार्यक्रमों एवं अभियानों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, 'पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने अभियान की रूपरेखा को पहले ही मंजूरी दे दी है। बहुप्रचार अभियान इस महीने से शुरू होगा। यह भी फैसला लिया गया कि अभियान के दौरान राज्य में प्रस्तावित राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) को लेकर एक भी शब्द नहीं कहा जाएगा। क्योंकि इससे गलत संदेश जा सकता है।
प्रदेश भाजपा सूत्रों के अनुसार विवादित नागरिकता (संशोधन) कानून आने वाले दिनों में बंगाल की राजनीति की दिशा तय करेगा। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, 'हम सीएए के मुद्दे पर लोगों तक पहुंचने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए ममता बनर्जी सीएए का विरोध कर रही हैं और शरणार्थियों को नागरिकता मिलने से रोकने की कोशिश कर रही है।' उन्होंने कहा, 'लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे, हम अपने अभियान माध्यम से उनके भ्रामक सूचना फैलाने वाले अभियान का पर्दाफाश कर देंगे।
सीएए के पक्ष में पहले ही काफी समर्थन है।' सूत्रों के अनुसार, भाजपा के अभियान में घर-घर जाना, गली-नुक्कड़ों पर सभाएं करना, परिचर्चा करना, नुक्कड़ नाटक का आयोजन करना, स्थानीय अखबारों में विज्ञापन देना शामिल हैं। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व सांसद सुभाष सरकार ने कहा, 'हम राज्यभर में करीब दो से तीन लाख कार्यकर्ताओं का विशेष दल बनाएंगे जिन्हें घर-घर जाकर अभियान चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।' प्रदेश भाजपा महासचिव सायंतन बासु ने कहा, हमारा लक्ष्य सीएए के संदेश के साथ राज्यभर के एक करोड़ लोगों तक पहुंचना है। नया कानून नागरिकता छीनता नहीं है बल्कि यह शरणार्थियों को नागरिकता देता है। हमने शरणार्थी पॉकेटों की पहचान कर ली है और इन इलाकों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि रविवार को महानगर के आइसीसीआर में सीएए के समर्थन में अभियान की रणनीति पर चर्चा की गई। उस बैठक में प्रदेश भाजपा प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। प्रदेश भाजपा सूत्रों के अनुसार, सीएए से देशभर में लगभग 1.5 करोड़ लोगों को लाभ पहुंचेगा। इनमें बंगाल के 72 लाख से अधिक लोग शामिल हैं।