भाजपा की रथ यात्रा पर स्थिति स्पष्ट करे राज्य सरकार: हाई कोर्ट
भाजपा की गणतंत्र बचाओ यात्रा (रथ यात्रा) 7 दिसंबर से शुरू होने वाली है। अभी इस यात्रा को प्रशासनिक अनुमति नहीं मिल पाई है। मामला हाई कोर्ट पहुंच गया है।
कोलकाता, [जागरण संवाददाता]। भाजपा की गणतंत्र बचाओ यात्रा (रथ यात्रा) 7 दिसंबर से शुरू होने वाली है। इसके लिए मात्र एक दिन बाकी रह गया है, लेकिन अभी तक इस यात्रा को प्रशासनिक अनुमति नहीं मिल पाई है। मामला कलकत्ता हाई कोर्ट तक पहुंच गया है।
भाजपा को बुधवार को अदालत के हस्तक्षेप से अनुमति मिलने की उम्मीद थी, लेकिन सरकार पक्ष के रवैए के कारण इस पर फैसला एक दिन और टाल दिया गया। न्यायाधीश तपव्रत चक्रवर्ती ने रथ यात्रा को लेकर राज्य प्रशासन को गुरुवार को अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। रथ यात्रा को मंजूरी एवं सुरक्षा मुहैया कराने में प्रशास के नकारात्मक रवैए के खिलाफ भाजपा ने शुक्रवार को कोर्ट में याचिका दायर की थी।
इस पर सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश तपव्रत चक्रवर्ती ने सवाल किए कि राज्य सरकार भाजपा की रथयात्रा को अनुमति क्यों नहीं दे रही हैं, इसमें क्या समस्याएं हैं, संबंधित हलफनामा गुरुवार को अदालत में दाखिल करे। इस दिन सुनवाई के शुरू में ही राज्य सरकार के महाधिवक्ता किशोर दत्त ने न्यायाधीश को बताया कि भाजपा ने राज्य के आइजी, डीआइजी, डीजीपी एवं गृह सचिव को पत्र भेजकर अनुमति मांगी है, लेकिन वह नियमानुसार नहीं है। इस पर भाजपा के अधिवक्ता ने कहा कि इन अधिकारियों के साथ ही प्रत्येक जिले के पुलिस अधीक्षकों से भी आवेदन किया गया है, लेकिन किसी तरह की कहीं से कोई जानकारी नहीं दी गई।
इसके बाद न्यायमूर्ति ने कहा कि राज्य सरकार और आवेदनकर्ता एक साथ बैठकर समस्या का समाधान कर सकते थे। गुरुवार तक राज्य सरकार को यह बताना होगा कि आखिर किस कारण से रथ यात्रा को अनुमति नहीं दी गई है। इसके अलावा रथ यात्रा के दौरान उपस्थित रहने वाले नेताओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी राज्य सरकार की होगी। अगले दिन राज्य सरकार को यह भी बताना होगा कि सुरक्षा के लिए कित तरह के इंतजाम किए गए हैं। भाजपा की ओर से अधिवक्ता ब्रजेश झा ने बताया कि इस बारे में गुरुवार को अगली सुनवाई होगी। उस दिन कोर्ट अपना अंतिम फैसला सुना सकता है।
गौर हो कि राज्य में भाजपा की तीन चरणों वाली रथ यात्रा की शुरूआत सात दिसंबर को कूचबिहार से होना है। दूसरे चरण की रथ यात्रा 9 दिसंबर को दक्षिण 24 परगना जिले के नामखाना तथा तीसरे चरण की रथ यात्रा 14 दिसंबर को वीरभूम के तारापीठ से निकलने वाली है।
तीनों ही रथ यात्राओं को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हरी झंडी दिखाएंगे। ये यात्राएं राज्य के सभी 42 संसदीय क्षेत्रों एवं 294 विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगी। यात्रा करीब 40 दिनों तक चलेगी। इस दौरान जगह-जगह सभाएं आयोजित होंगी। इन सभाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद तथा नेता संबोधित करेंगे।