Corona virus Update: बंगाल में 12 और नए मामले सामने आए, संक्रमितों की संख्या हुई 89 : मुख्य सचिव
Corona virus Update 12 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 89 हो गई है। गुरुवार को भी राज्य में 12 नए मामले सामने आए थे।
राज्य ब्यूरो कोलकाता : बंगाल में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 12 और नए मामले सामने आए हैं। राज्य के मुख्य सचिव राजीव सिन्हा ने शुक्रवार को राज्य सचिवालय नवान्न में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 89 हो गई है। गुरुवार को भी राज्य में 12 नए मामले सामने आए थे। गुरुवार को पीड़ितों की तादाद 83 थी, हालांकि इनमें से 3 मरीजों को छुट्टी दे दी गई जिसके बाद संख्या 80 थी। सिन्हा ने बताया कि तीन और मरीज ठीक हो गए हैं और उन्हें छोड़ दिया गया है, जिसके कारण फिलहाल संक्रमितों की कुल संख्या 89 है। वहीं, कोरोना से राज्य में अबतक मौत की संख्या 5 ही है।
मुख्य सचिव ने बताया कि मीडिया में कई बार पीड़ितों या मृतकों के बारे में गलत जानकारी रहती है। सरकार यह स्पष्ट करना चाहती है कि कोरोना से संबंधित ऑडिट कमेटी है। वह अगर पुष्टि करती है कि किसी की मौत कोरोना से हुई है, तभी उसे कोरोना से हुई मौत करार दिया जाता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम या पालिका द्वारा जारी मृत्यु प्रमाणपत्र में मौत के कारणों का उल्लेख नहीं रहता, इसलिए अगर कोई निगम के हवाले से मृतकों की संख्या को बढ़ा कर दिखाता है, तो वह भी गलत है।सिन्हा ने बताया कि राज्य में अब तक 2,095 लोगों की सैंपल जांच की गयी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बंगाल में अबतक कोरोना से 116 संक्रमित
दूसरी ओर, केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा शुक्रवार शाम को जारी ताजा आंकड़े के मुताबिक बंगाल में कोरोना से अब तक संक्रमित कुल मरीजों की संख्या 116 है। इसमें से 16 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हालांकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय भी बंगाल में कोरोना से मौत का आंकड़ा पांच ही बता रहा है।
केंद्र ने 8,000 और पीपीई किट भेजा
मुख्य सचिव ने बताया कि केंद्र से पिछले 24 घंटे में आठ हजार पीपीई किट, 10 हजार एन- 95 मास्क, दो हजार लीटर सैनिटाइजर व 2.62 लाख अन्य मास्क मिले हैं। इससे पहले केंद्र की ओर से 3,000 पीपीई किट भेजे गए थे। हालांकि इसके पीले रंग पर ममता ने सवाल उठाए थे। इसके अलावा सिन्हा ने बताया कि राज्यभर के अस्पतालों में अब तक पांच हजार थर्मल गन, 13.71 लाख अन्य मास्क, 8.88 लाख एन-95 मास्क, 46,251 लीटर सैनिटाइजर व 5.59 लाख ग्लव्स बांटे गये हैं।
20 और नए सरकारी क्वॉरेंटाइन सेंटर, कुल संख्या हुई 582
मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे में 20 और नए सरकारी क्वारेंटाइन सेंटर स्थापित किए गए हैं, जिसके बाद इसकी संख्या 562 से बढ़कर 582 हो गयी है। सरकारी क्वारेंटाइन सेंटरों में फिलहाल 4830 लोग हैं। वहीं, होम क्वारेंटाइन में फिलहाल 44,474 लोग हैं। होम क्वॉरेंटाइन में पहले 55,498 लोग थे। हालांकि क्वॉरेंटाइन की अवधि पूरी होने के बाद व बार-बार रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद बड़ी संख्या में लोगों को छोड़ दिया गया। मुख्य सचिव ने यह भी बताया कि जो लोग वर्तमान में होम क्वॉरेंटाइन में हैं उनपर स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी रख रहा है। निगरानी के लिए टेक्नोलॉजी का भी उपयोग किया जा रहा है, ताकि क्वॉरेंटाइन में रहने वाले लोग मूवमेंट नहीं कर सके। पुलिस भी उन पर नजर रख रही है।