कोलकाता के सत्यजित राय फिल्म संस्थान में छात्रों का उपद्रव, कुलपति के कार्यालय में तोड़फोड़
कोलकाता के सत्यजित राय फिल्म एंड टेलीविजन संस्थान (SRFTI) में कुलपति संतोष अजमेरा के कार्यालय में तोड़फोड़ की गई।
-1792088190487_m.webp)
सत्यजित राय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान में कुलपति के कार्यालय में तोड़फोड़ हुई।
HighLights
कुलपति संतोष अजमेरा के कार्यालय में तोड़फोड़ हुई।
एक छात्र पर कुलपति से धक्का-मुक्की का आरोप।
सरकारी संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा, खिड़कियां टूटीं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता स्थित केंद्र सरकार के अधीन सत्यजित राय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआइ) में गुरुवार को कुलपति के कार्यालय में तोड़फोड़ की गईं। साथ ही एक छात्र पर संस्थान के कुलपति संतोष अजमेरा के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने का भी आरोप है।
कुछ अन्य छात्रों ने कुलपति को घेरकर उनके खिलाफ नारेबाजी की और अपशब्दों का इस्तेमाल किया। कुलपति ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। संस्थान की ओर से बताया गया कि बुधवार रात और गुरुवार सुबह कुलपति कार्यालय में तोड़फोड़ की गई।
दावा किया कि इस घटना में सरकारी संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा है। कार्यालय पर पत्थर फेंके गए, जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गए। पानी और एयर कंडीशनिंग की लाइनें भी काट दी गईं। गुरुवार सुबह कार्यालय में टूटे शीशे, पत्थर और क्षतिग्रस्त फर्नीचर बिखरे मिले। संस्थान ने इस घटना में प्रदर्शनकारी छात्रों के शामिल होने का आरोप लगाया है।
