विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'तोड़फोड़ पर हुई कार्रवाई', नसीरुद्दीन शाह के आरोपों पर सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट का जवाब

Published: Mon, 26 Oct 2026 07:59 AM (IST)

कोलकाता के सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) ने 6 छात्रों के निष्कासन का बचाव किया है और अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के आरोपों का जवाब दिया।

नसीरुद्दीन शाह के आरोपों पर SRFTI का जवाब।

नसीरुद्दीन शाह के आरोपों पर SRFTI का जवाब।

HighLights

  1. SRFTI ने 6 छात्रों के निष्कासन का किया बचाव।

  2. कार्रवाई दुर्व्यवहार के कारण, विरोध प्रदर्शन से नहीं।

  3. नसीरुद्दीन शाह ने भाजपा पर छात्रों के समर्थन में निशाना साधा।

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। कोलकाता के सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ने 6 छात्रों को एक साल के लिए निष्कासित करने के अपने फैसले का बचाव किया है।

अभिनेता नसीरुद्दीन शाह द्वारा छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखने के एक दिन बाद संस्थान ने स्पष्ट किया कि ये कार्रवाई विरोध प्रदर्शन के कारण नहीं बल्कि दुर्व्यवहार के खास आरोपों के चलते की गई है।

विरोध नहीं दुर्व्यवहार के कारण कार्रवाई-SRFTI

सूचना और प्रसारण मंत्रालय के तहत काम करने वाले इस संस्थान ने कहा कि अनुशासनात्मक कार्रवाई को छात्रों के विरोध करने के अधिकार से जोड़ना, उन परिस्थितियों को गलत तरीके से पेश करना है जिनके कारण यह कार्रवाई की गई।

संस्थान ने अपने बयान में कहा, 'SRFTI स्पष्ट करता है कि कुछ छात्रों के खिलाफ कार्रवाई दुर्व्यवहार की विशिष्ट घटनाओं जैसे तोड़फोड़, संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और शारीरिक हमला के कारण की गई है, न कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के कारण। संस्थान शांतिपूर्ण असहमति के अधिकार का सम्मान करता है, लेकिन साथ ही अपने नियमों के तहत जवाबदेही भी सुनिश्चित करता है।'

लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच फैसला

यह घटनाक्रम प्रशासन और छात्रों के एक वर्ग के बीच लंबे समय स चल रहे टकराव के बीच सामने आया है। छात्रों ने आरोप लगाया है कि कैंपस में हुए हमलों में RSS से जुड़े संगठन शामिल हैं।

इस विवाद के कारण भारत के प्रमुख सरकारी फिल्म संस्थानों में से एक शैक्षणिक गतिविधियां बाधित हो गई हैं। 28 सितंबर से कक्षाएं बंद हैं और छात्र वाइस-चांसलर संतोष अजमेरा के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

BJP पर नसीरुद्दीन शाह का आरोप

अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल चुनावों में जीत के बाद, BJP उन लोगों को निशाना बना रही है जो उनकी राजनीतिक विचारधारा से सहमत नहीं हैं।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो में शाह ने कहा, 'बंगाल चुनावों में जीत के बाद, BJP उन सभी लोगों से बदला लेने पर उतारू दिख रही है जो उनकी विचारधारा और नीतियों को नहीं मानते हैं।'

शाह ने आरोप लगाया कि BJP युवा फिल्म निर्माताओं को डराने-धमकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी 'देश के भविष्य के फिल्म निर्माताओं का ब्रेनवॉश करना चाहती है या उन्हें डराना चाहती है।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि ऐसा नहीं होने वाला है।'

उन्होंने कहा, 'ये वे युवा हैं जो भविष्य में हमें हमारे बारे में, हमारे देश के बारे में और हम जिस स्थिति में हैं, उसके बारे में सच बताएंगे।'

बीजेपी ने नसीरुद्दीन शाह पर किया पलटवार

बीजेपी सांसद और प्रवक्ता राहुल सिन्हा ने शाह की टिप्पणियों की पूरी जांच की मांग की और आरोप लगाया कि इनका संबंध किसी अंतरराष्ट्रीय साजिश से हो सकता है।

सिन्हा ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह अभिनेता एक ऐसी साजिश का हिस्सा बन गए हैं, जिसमें विदेशी ताकतों के साथ-साथ कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया जैसे विपक्षी दल भी शामिल हैं, और जिसका मकसद भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करना है।

यह भी पढ़ें- 'देश के खिलाफ अभियान चला रहे', नसीरुद्दीन शाह पर भाजपा का पलटवार