विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'देश के खिलाफ अभियान चला रहे', नसीरुद्दीन शाह पर भाजपा का पलटवार

Published: Mon, 26 Oct 2026 07:00 AM (IST)

नसीरुद्दीन शाह द्वारा सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के छात्रों का समर्थन करने के बाद विवाद गहरा गया है।

फिल्म अभिनेता नसीरुद्दीन शाह पर भाजपा का पलटवार। (फाइल फोटो।)

फिल्म अभिनेता नसीरुद्दीन शाह पर भाजपा का पलटवार। (फाइल फोटो।)

HighLights

  1. नसीरुद्दीन शाह ने SRFTI छात्रों का समर्थन किया।

  2. प्रल्हाद जोशी ने शाह पर 'भारत विरोधी' आरोप लगाए।

  3. SRFTI में छात्रों के विरोध से विवाद शुरू।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह द्वारा सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के छात्रों का समर्थन किए जाने के बाद यह मामला राजनीतिक रूप से गर्मा गया है।

नसीरुद्दीन शाह ने दावा किया था कि भाजपा उन सभी से बदला लेना चाहती है, जो उसकी विचारधारा और नीतियों से सहमत नहीं हैं। इस पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि हमारे विरोध की आड़ में शाह भारत के खिलाफ अभियान चला रहे हैं।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

इंस्टीट्यूट में अव्यवस्था 27 सितंबर को शुरू हुई, जब प्रदर्शनकारी छात्र विधिवत अनुमति लेकर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्य सभागार में घुस गए। इसके बाद मारपीट और तोड़फोड़ हुई। कुलपति पर भी हमला हुआ। इन घटनाओं के बाद 500 से अधिक छात्र अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। नसीरुद्दीन शाह ने इन छात्रों का समर्थन किया था, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ।

'भारत में लोगों को अपनी बात कहने की स्वतंत्रता'

कर्नाटक के हुबली में पत्रकारों से बात करते हुए जोशी ने कहा कि ये लोग कहते रहते हैं कि भारत में लोकतंत्र नहीं है। हकीकत यह है कि भारत में लोगों को अपनी बात कहने की स्वतंत्रता है। यही इस बात का प्रमाण है कि यहां लोकतंत्र बहुत मजबूत है और संवैधानिक मूल्यों का अस्तित्व है।

शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने कहा कि देश में लाखों लोग नसीरुद्दीन शाह के अभिनय की सराहना करते हैं। लेकिन, उम्र के इस पड़ाव पर उनका एक अलग रूप सामने आया है। अभिनेता के अलावा कट्टरपंथी विचारों वाले एक राजनीतिक व्यक्ति के रूप में भी उनका चेहरा उभरा है।

यह भी पढ़ें: सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट पर नसीरुद्दीन शाह के बयान को लेकर BJP सांसद का पलटवार, कहा- सफेद झूठ