बंगाल में अवैध शराब और नशे के अड्डों पर होगी कार्रवाई, शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस को दिया 2 हफ्ते का समय
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल में अवैध शराब और मादक पदार्थों के अड्डों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है।

बंगाल में अवैध नशे के खिलाफ होगी कार्रवाई (फोटो-ANI)
HighLights
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अवैध शराब, मादक पदार्थों पर अभियान का निर्देश दिया।
बारुईपुर घटना के बाद नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई का आदेश।
पुलिस को दो सप्ताह में व्यापक अभियान चलाने के लिए कहा गया।
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता: मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूरे बंगाल में अवैध शराब, गांजा, चरस और अन्य मादक पदार्थों के अड्डों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों के पीछे अवैध नशे के कारोबार की बड़ी भूमिका हो सकती है। उन्होंने पुलिस को अगले दो सप्ताह के भीतर व्यापक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
शनिवार को बारुईपुर के सूर्यपुर में नई पुलिस चौकी के उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य पुलिस के महानिदेशक सिद्धिनाथ गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में कहा कि विशेष अभियान के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाए। विभिन्न जिलों की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपकर अवैध शराब और मादक पदार्थों के सभी अड्डों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब, गांजा, चरस या अन्य नशीले पदार्थों के अड्डों की जानकारी हो तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष कार्यबल लगातार कार्रवाई कर रहा है, लेकिन अब ग्रामीण इलाकों में भी ऐसे ठिकानों को पूरी तरह समाप्त करना जरूरी है, ताकि समाज को नशे की बुराई से बचाया जा सके।
