गंभीरता का विषय नहीं दिलीप घोष का बयान : सोमेन
सीएए के खिलाफ पार्क सर्कस मैदान में 12 दिनों से जारी मुस्लिम महिलाओं के प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम के पहुंचने को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के बयान पर बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन मित्रा ने शनिवार को पलटवार किया।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : सीएए के खिलाफ पार्क सर्कस मैदान में 12 दिनों से जारी मुस्लिम महिलाओं के प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम के पहुंचने को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के बयान पर बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन मित्रा ने शनिवार को पलटवार किया। मित्रा ने कहा कि दिलीप घोष की बातें ऐसी हैं, जिनके बारे में सोचने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि दिलीप क्या कहते हैं, इस बारे में वे खुद नहीं जानते, इसलिए उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा सकता। इससे इतर सोमेन ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी हमला बोला और कहा कि हर एक मुद्दे पर ममता और भाजपा में सांठगांठ है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय विधान भवन में नागरिकता अधिनियम व एनआरसी को लेकर एक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया था, जिसमें शामिल होने पी चिदंबरम शुक्रवार को कोलकाता पहुंचे। सर्वप्रथम वे पार्क सर्कस पहुंचे थे। यद्यपि इस विरोध-प्रदर्शन को गैर राजनीतिक कहा जा रहा है। प्रशिक्षण में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गौरव गोगोई और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे, हालांकि सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अधीर चौधरी इसमें शामिल नहीं हुए। इस दिन राज्य के सभी जिलों के पार्टी अध्यक्षों को बुलाया गया था।