पेंगोलिन का शल्क और बंदूक के साथ तस्कर गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
सिलीगुड़ी के सुकना रेंज में एक तस्कर दिलीप दर्जी को पेंगोलिन के शल्क, एक एसबीबीएल बंदूक और तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है।
-1791282782880_m.webp)
बंगाल में तस्कर गिरफ्तार।
HighLights
तस्कर दिलीप दर्जी पेंगोलिन शल्क और हथियार के साथ पकड़ा गया।
सुकना रेंज टीम ने 2.5 किलो शल्क, बंदूक व कारतूस जब्त किए।
आरोपी को वन्यजीव संरक्षण और आर्म्स एक्ट के तहत हिरासत में भेजा।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। पेंगोलिन शल्क की तस्करी के लिए निकला तस्कर इस बार हथियार के साथ पकड़ा गया। सुकना रेंज की टीम ने ढाई किलो पेंगोलिन के शल्क, एक एसबीबीएल बंदूक और तीन जिंदा कारतूस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसका नाम दिलीप दर्जी है और वह माटीगाड़ा थाना अंतर्गत फूलबाड़ी का निवासी है।
वन्यजीव संरक्षण और आर्म्स एक्ट के तहत आरोपित को मंगलवार कर्सियांग अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपित की जमानत याचिका खारिज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वन विभाग आगे की जांच में जुटी है।
खुफिया जानकारी के आधार पर मारी रेड
गुप्त सूचना के आधार पर महानंदा वन्यजीव अभ्यारण्य की सुकना रेंज की टीम ने सोमवार की देररात माटीगाड़ा के खपरैल इलाके में अभियान चलाया। तलाशी के दौरान दिलीप दर्जी के पास से पेंगोलिन के 2.5 किलो शल्क मिले। इसके साथ ही एक एसबीबीएल बंदूक और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। जांच में अब सबसे अहम सवाल बंदूक को लेकर है। वन विभाग को संदेह है कि इस मामले के तार पेंगोलिन के शिकार और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंच सकते हैं।
तस्करी का ये पहले मामला नहीं
सुकना और सिलीगुड़ी के आसपास पेंगोलिन के शल्क की तस्करी का मामला नया नहीं है। इससे पहले भी सुकना रेंज और आसपास के इलाकों में पेंगोलिन के शल्क की कई खेप पकड़ी जा चुकी हैं। बीते अगस्त में माटीगाड़ा इलाके से पेंगोलिन की खाल और शल्क के साथ एक तस्कर की गिरफ्तारी हुई थी।
उसके पहले मार्च 2025 में सुकना रेंज ने 3.7 किलो पेंगोलिन शल्क बरामद किया था। उसके पहले 2022 में सिलीगुड़ी के शीतलापाड़ा इलाके से करीब 48 किलो पेंगोलिन शल्क बरामद किया गया था।उससे पहले वर्ष 2021 में माटीगाड़ा के बालासन पुल के पास एक व्यक्ति को पेंगोलिन के पांच किलो शल्क के साथ वन विभाग ने पकड़ा था। लगातार सामने आ रही इन बरामदगियों से वन विभाग की नजर अब पेंगोलिन के शिकार से लेकर शल्क की सप्लाई और सीमा पार तस्करी तक के नेटवर्क पर है।
सुकना के रेंजर दीपक रसाइली ने बताया कि आरोपित को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजा है। जांच को आगे बढ़ाया गया है, कुछ अहम सबूतों के सहारे आरोपित को रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा। ताकि उससे पूछताछ कर तस्कर गिरोह की अन्य कड़ियों को भी जोड़ा जा सके।
